Gurugram News: गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में एसआईटी (SIT) की जांच में आरोपियों की खौफनाक करतूत और टाइमलाइन की पूरी परतें खुल गई हैं। जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी कल्याण बैसला अपने तीन साथियों के साथ रविवार तड़के 3:05 बजे एमजी रोड स्थित एम्पायर क्लब पहुंचा था, जहां करीब दो घंटे तक पार्टी करने के बाद वे सुबह 5:35 बजे बाहर निकले।
पहले कसी कसी फब्तियां, फिर मारी टक्कर
इसके बाद जब आरोपी अपनी कार से गोल्फ कोर्स रोड पहुंचे, तो सामने से जा रही बाइकर सिया चौहान पर उनकी नजर पड़ी। कार सवार कल्याण ने सिया पर "आप बढ़िया बाइक चलाती हो" जैसे फब्तियां कसीं और पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते हुए आरोपियों ने बेकाबू रफ्तार में कार को सीधे सिया की बाइक की तरफ मोड़कर जानबूझकर जोरदार टक्कर मार दी और लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए...
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
एसआईटी ने एम्पायर क्लब की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की ट्रैवल और स्टे हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि, वारदात के 48 घंटे बाद गिरफ्तारी होने के कारण पुलिस के सामने यह साबित करना बड़ी चुनौती बना हुआ है कि घटना के वक्त आरोपियों ने कितनी शराब पी रखी थी। अदालत ने गिरफ्तार आरोपी कल्याण बैसला और लवलिश बैसला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि कार में मौजूद बाकी दो अन्य युवकों को भी जांच में शामिल होने का नोटिस थमा दिया गया है। पुलिस अब क्लब से लेकर घटनास्थल तक के रूट मैप और बयानों का मिलान कर मामले में सख्त कानूनी शिकंजा कसने में जुटी है।
लवनीश भी गिरफ्तार
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। यह कार बैंसला के एक परिचित के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने बैंसला के रिश्तेदार लवनीश को भी गिरफ्तार किया है, जो घटना के समय कार में उसके साथ था। गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप कुमार ने यहां मीडिया को बताया कि पीड़िता ने दावा किया है कि घटना से पहले बैंसला ने उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उसे जान से मारने की कोशिश की।
