देश

Gujarat Crime: ‘सलमान खान’ नाम का Instagram ग्रुप, एक वीडियो और कमेंट कैसे बने दो मौतों की वजह?

गुजरात के सूरत में इंस्टाग्राम पर ‘सलमान खान’ नाम के ग्रुप में शुरू हुआ विवाद दो नाबालिगों की हत्या की वजह बन गया। वीडियो पर टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद नानपुरा इलाके में फातिमा कब्रिस्तान के पास तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दो किशोरों की जान ले ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। नाबालिग होने के कारण उनके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Image

सूरत में दो नाबालिगों की हत्या से सनसनी। AI IMAGE

Gujarat Crime: गुजरात के सूरत में इंस्टाग्राम ग्रुप पर शुरू हुई बहस ने खूनी रूप ले लिया। नानपुरा इलाके में फातिमा कब्रिस्तान के पास रविवार देर रात दो नाबालिगों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस मामले में तीन नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। चूंकि तीनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उनकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की गई है। उनके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

एफआईआर के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर ‘सलमान खान’ नाम के ग्रुप में एक वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। वीडियो पर की गई टिप्पणी को लेकर गाली-गलौज और धमकी तक बात पहुंच गई। इसके बाद विवाद सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को नानपुरा मीट मार्केट स्थित फातिमा कब्रिस्तान के पास बुलाया गया था।

विवाद सुलझाने पहुंचे थे दोनों किशोर

एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक नाबालिग ने इंस्टाग्राम ग्रुप में वीडियो डाला था। इस पर दूसरे सदस्य ने मजाक में गाली दे दी। इसके बाद ग्रुप में ही दोनों के बीच गाली-गलौज और धमकी का सिलसिला शुरू हो गया।आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे को मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के जरिए मामला सुलझाने के लिए एक नाबालिग अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसके बेटे और दूसरे किशोर को भी बातचीत कराने के लिए बुलाया गया था।

बीच-बचाव करने पर चाकू से हमला

एफआईआर के मुताबिक, फातिमा कब्रिस्तान के पास तीनों आरोपी पहले से मौजूद थे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दोनों किशोरों ने बीच-बचाव कर उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने एक किशोर के पेट के दाहिने हिस्से में और दूसरे के पेट के बीच में चाकू से वार किया। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने पर दोनों की मौत की पुष्टि

एक मृतक के पिता ने एफआईआर में बताया कि वह 1 नवंबर की रात करीब 9 बजे काम से घर लौटे थे। रात करीब 12 बजे घर के आसपास लोगों की भीड़ और शोर सुनकर वह नीचे पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि उनके बेटे और उसके दोस्त पर तीन लड़कों ने हमला किया है और दोनों को नई सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पिता तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में दोनों किशोर मृत मिले। उन्होंने अपने बेटे के पेट के दाहिने हिस्से में चाकू का घाव देखा।

मीट काटने वाला छुरा लेकर पहुंचा था मुख्य आरोपी: एसीपी

सूरत के ACP (जी डिवीजन) वी.आर. मल्होत्रा ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि इंस्टाग्राम ग्रुप में एक जैसे वीडियो लगातार चार-पांच बार भेजे जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। वीडियो पर "खानदेशी" कोमेंट को लेकर बहस हुई और फिर गाली-गलौज के बाद एक समुदाय से जुड़े शब्द के इस्तेमाल से मामला और भड़क गया।

ACP के मुताबिक, मुख्य आरोपी के पिता का मीट-मटन का कारोबार है। आरोपी कथित तौर पर मीट काटने वाला छुरा लेकर बातचीत करने पहुंचा था। शुरुआती तौर पर उसका इरादा रौब जमाने का था, लेकिन मौके पर विवाद बढ़ने के बाद उसने दोनों किशोरों पर छुरे से हमला कर दिया।

तीनों आरोपी नाबालिग, जुवेनाइल कानून के तहत कार्रवाई

अठवालाइंस पुलिस स्टेशन के PI पी.एच. भाटी ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि पूरा विवाद ‘सलमान खान’ नाम के ग्रुप में वीडियो पोस्ट करने और उस पर टिप्पणी करने के बाद शुरू हुआ था। एक किशोर को गर्दन के नीचे और दूसरे को पेट के हिस्से में चोट लगी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी मदद करने के संदेह में दो अन्य किशोरों को हिरासत में लिया है।

तीनों नाबालिग होने के कारण उनकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की गई है। उनके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस कानून के तहत आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1), 54 और 296(b) तथा गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article