शहर

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में नया मोड़, महिला के दावों के बाद आरोपी की सफाई, कहा- हादसा था, कोई आपराधिक मंशा नहीं

Gurugram News: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। महिला ने कार सवारों पर पीछा करने और टक्कर के बाद मौके से निकल जाने का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी कल्याण बैसला ने इसे हादसा बताते हुए अपनी सफाई दी है। कल्याण का दावा है कि वायरल वीडियो का एक हिस्सा ही सामने आया है और पूरी घटना की तस्वीर इससे अलग है।

Image

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में आरोपी ने रखा अपना पक्ष

Gurugram News: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार के साथ कथित हिट एंड रन का मामला सामने आया। महिला का आरोप है कि कार सवार कुछ लोगों ने पहले उसका पीछा किया और फिर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिर गई, जबकि उसकी Aprilia RS 457 बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई।

महिला ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर कार सवारों पर गंभीर आरोप लगाए। मामले का वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपी कल्याण बैसला ने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह दिल्ली से आ रहे थे और कार में उनकी बहन तथा उनकी बुआ का बेटा भी मौजूद था, जो उम्र में उनसे बड़ा है। उनके मुताबिक, जब वे गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचे तो पीछे से कई बाइक सवार उनकी कार के आसपास लगातार बेतरतीब तरीके से बाइक चला रहे थे। कभी बाइक सवार उनकी कार के आगे आ जाते तो कभी पीछे से निकलते। कल्याण का दावा है कि करीब 10 मिनट तक बाइक सवारों की इस हरकत से उन्हें परेशानी होती रही।

बाइक सवारों से आगे निकलने की कोशिश की

कल्याण बैसला के मुताबिक, उन्होंने कार से हाथ बाहर निकालकर एक बाइक सवार को इशारा किया और कहा कि वह अच्छी बाइक चला रहा है, लेकिन थोड़ा धीमे और सावधानी से बाइक चलाए। उन्होंने कहा कि वह खुद भी बाइक राइडिंग के शौकीन हैं और बाइक चलाना पसंद करते हैं। हालांकि, लगातार परेशान किए जाने के कारण उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ाकर बाइक सवारों से आगे निकलने की कोशिश की। आरोपी के अनुसार, उन्हें आगे एक जगह मुड़ना था और इसी दौरान एक बाइक उनकी कार के साइड हिस्से से आकर टकरा गई। उन्होंने दावा किया कि हादसे के बाद वे ट्रैफिक सिग्नल पर रुके भी थे। हालांकि, उनके साथ मौजूद बड़े भाई ने सलाह दी कि वहां ज्यादा देर रुकना ठीक नहीं होगा, क्योंकि उनके साथ मारपीट की आशंका हो सकती है। इसके बाद वे कार लेकर वहां से निकल गए। कल्याण बैसला ने सोशल मीडिया और मीडिया में वायरल हो रही घटना की छोटी वीडियो क्लिप को लेकर भी आपत्ति जताई।

बाद में पता चला की कौन चला रहा था बाइक

कल्याण का कहना है कि वीडियो का केवल एक हिस्सा बार-बार दिखाया जा रहा है, जबकि पूरी घटना समझने के लिए पूरा वीडियो सामने आना चाहिए। उन्होंने यह स्वीकार किया कि उनकी कार से बाइक की टक्कर हुई थी, लेकिन उनके मुताबिक यह जानबूझकर नहीं किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि बाइक सवार एक महिला थीं और इस बात का उन्हें अफसोस है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले को लेकर उन्होंने पुलिस के एक डीएसपी से बातचीत कर अपना पक्ष रखा था। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें मीडिया में ऐसे पेश किया जा रहा है, जैसे वह कोई बड़ा अपराधी हों। आरोपी ने अपने पुराने रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि आज तक उनके खिलाफ कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि वह जिम चलाते हैं और बच्चों को ट्रेनिंग देते हैं। इसके अलावा वह खुद नेशनल लेवल पर कबड्डी खेल चुके हैं। कल्याण का कहना है कि वह एक सभ्य परिवार से आते हैं और पूरे मामले में उनकी ओर से बाइक सवार को नुकसान पहुंचाने की कोई मंशा नहीं थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!