Gurugram News: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में आज यानी सोमवार 11 मई को गैंगस्टर दीपक नांदल के शार्प शूटर की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में नांदल का शार्प शूटर मारा गया। यह एनकाउंटर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास हुआ।
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास हथियार रिकवरी के दौरान आरोपी ने हथियार उठाकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस पर गोलियां भी चलाईं। आरोपी की गोली लगने से कॉन्स्टेबल नवीन घायल हो गए।
बता दें कि 9 मई को ही गैंगस्टर दीपक नांदल के दो अन्य शूटर गिरफ्तार किए गए थे। 9 मई को गिरफ्तार किए गए शूटर गुरशेर और जसपाल को पुलिस हथियार रिकरवरी के लिए लेकर गई थी। इस दौरान मौका पाकर दोनों ने भागने की कोशिश की। दोनों बदमाशों ने पुलिस पर 8-10 राउंड से ज्यादा फायर किए।
Gurugram Police के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। पुलिस की कार्रवाई में गुरशेर नाम का आरोपी मारा गया, जबकि जसपाल घायल है और उसका इलाज किया जा रहा है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी जसपाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके ठीक होने पर उससे पुलिस फिर से पूछताछ करेगी। पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि बदमाशों की ओर से चलाई गई गोलियों में पुलिस सिपाई घायल हो गया और अब वह खतरे से बाहर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस की तरफ से 3-4 राउंड फायरिंग की गई थी।
उन्होंने बताया कि गुरशेर पर पंजाब में एक हत्या की कोशिश का केस दर्ज है। दूसरे आरोपी जसपाल के खिलाफ भी पंजाब के अलग-अलग थानों में NDPS के तहत मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि 2 मई को सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के ईवेंट मैनेजर के घर के बाहर इन्होंने लगातार गोलियां चलाई गई थीं। इस गोलीकांड में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।
