शहर

Gurdaspur: प्रेमी को रास्ते से हटाने की साजिश? 19 साल के तजिंदर की मौत में प्रेमिका गिरफ्तार

गुरदासपुर में19 वर्षीय तजिंदर सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी 18 वर्षीय प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में मामला सड़क हादसा माना गया, लेकिन बाद में हत्या की आशंका में जांच हुई।

Image

गुरदासपुर में 19 वर्षीय युवक की मौत (File Photo)

Photo : Times Now Digital

Gurdaspur Murder Case: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमिका ने कथित तौर पर अपने 19 वर्षीय प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करवा दी। इस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना गया था। लेकिन बाद में सामने आए एक ऑडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने 18 वर्षीय सुखमन कौर को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक तजिंदर सिंह (19 वर्ष) का सुखमन कौर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन बाद में लड़की इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी बहस भी हुई थी और उन्होंने एक-दूसरे के दिए हुए गिफ्ट्स भी वापस कर दिए थे। परिवार के अनुसार, घटना से करीब दो दिन पहले दोनों के बीच एक होटल में विवाद हुआ था। इस दौरान तजिंदर का मोबाइल फोन तोड़े जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद चक शरीफ बाजार में गिफ्ट वापस करने के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

सोशल मीडिया पर धमकी देने का परिवार का दावा

तजिंदर की मां नरेंद्र कौर ने दावा किया कि घटना से कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर तजिंदर को धमकी दी थी। परिवार के मुताबिक, उसे कहा गया था, “तुम्हारा ऐसा हाल करेंगे, जो तुमने कभी सोचा भी नहीं होगा।”

ऑडियो वायरल होने से खुला सच

18 सितंबर को गुरदासपुर के गांव भूसां में तजिंदर सिंह सड़क किनारे गंभीर रूप से जख्मी हालत में मिला था। उसे तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर पुलिस ने इसे एक सड़क हादसा मानकर मामले को रफा-दफा कर दिया था। लेकिन बाद में एक ऑडियो वायरल होने से यह बात सामने आई कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी।

परिवार की मांग और पुलिस की कार्रवाई

परिवार ने मामले में शामिल अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही कथित धमकी और सोशल मीडिया रिकॉर्ड की जांच के लिए SIT जांच की मांग की गई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

एसपी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की प्रेमिका सुखमन कौर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड हासिल की गई है, जिससे पूछताछ के जरिए अन्य साथियों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके। पुलिस ने परिवार को भरोसा दिया है कि इस साजिश में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article