शहर

प्रेम संबंध का राज छिपाने के लिए नवजात की हत्या, मां और प्रेमी ने घोंटा बच्ची का गला, गिरफ्तार

गांधीनगर में नवजात बच्ची की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी मां और प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सामाजिक बदनामी के डर से हत्या की गई।

Image

गुजरात में नवजात बेटी की हत्या के आरोप में मां और प्रेमी गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Gujarat Murder Case: गुजरात के गांधीनगर जिले के देहगाम तालुका में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नवजात बच्ची की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, सामाजिक बदनामी के डर से बच्ची की मां और उसके प्रेमी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामल में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चरागाह के गड्ढे में मिली थी नवजात की लाश

यह सनसनीखेज मामला देहगाम के अंगुथला गांव के रामाजीना मुवाड़ा इलाके का है। 14 नवंबर की सुबह गांव की सीमा में एक चरागाह के गड्ढे में करीब एक दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे तुरंत गांधीनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन शाम को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में पुलिस ने सामान्य मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि बच्ची की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से मामले की जांच शुरू की।

गर्भावस्था छुपाने के लिए रची थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला कल्पाबेन सोलंकी (21) का गांव के ही कालाजी सोलंकी (32) के साथ प्रेम संबंध था। महिला की शादी चार साल पहले हुई थी, लेकिन वह पिछले डेढ़ साल से ससुराल जाने के बजाय मायके में ही रह रही थी। इसी अवैध संबंध के चलते वह गर्भवती हुई थी। गर्भावस्था को छुपाने के लिए महिला ने अपने परिवार को झूठ बोला कि पेट का आकार बढ़ने की वजह उसके 'पेट की गांठ' है। वह प्रेमी के साथ इलाज के बहाने लगातार अस्पताल जाती रही।

घर के पीछे दिया जन्म और प्रेमी ने घोंट दिया गला

पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर की रात महिला को प्रसव पीड़ा हुई। वह परिवार से शौच का बहाना बनाकर घर के पीछे गई, जहां उसने बच्ची को जन्म दिया। उस वक्त प्रेमी कालाजी भी वहीं मौजूद था। लोकलाज के डर से दोनों ने बच्ची को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और कालाजी ने नवजात का गला दबाकर उसे गड्ढे में छोड़ दिया। अगली सुबह ग्रामीणों की सूचना पर मामले का खुलासा हुआ। देहगाम पुलिस ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इंस्पेक्टर आर.एल. गोयल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद मामले की आगे जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article