PM Modi Gift for Malaysian PM Anwar Ibrahim: भारत की संस्कृति में उपहार देना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनेपन, सम्मान और परंपराओं को दूसरे तक पहुंचाने का खूबसूरत तरीका भी है। यही वजह है कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी विदेशी राजनेता को भारतीय कला से जुड़ी कोई खास वस्तु भेंट करते हैं, तो उसके पीछे छिपी कहानी भी लोगों का ध्यान खींचती है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को फिलीपींस की राजधानी मनीला में चांदी की नक्काशी वाली उरली उपहार में दी।
बता दें कि, उरली कोई साधारण सजावटी बर्तन नहीं है, बल्कि भारतीय शिल्पकला और मेहमाननवाजी का सुंदर बहुत ही उदाहरण है। इसकी डिजाइन में भारतीय धातु कारीगरों की कुशलता साफ नजर आती है। X पर शेयर की गई पोस्ट में चांदी की बारीक कारीगरी से सजी यह उरली देखने में जितनी आकर्षक है, इसका सांस्कृतिक महत्व भी उतना ही खास है। जानें क्या है ये और कैसे किया जाता है इसका प्रयोग
प्रधानमंत्री मोदी का खास तोहफा
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेंट की गई यह उरली बेहद खास है। चांदी की इस खूबसूरती सी उरली पर पारंपरिक नक्काशी की हुई थी। इस पर बेहद खूबसूरती और बारिकी से पत्तियां उकेरी गई हैं।
इस चांदी की उर्ली की डिजाइन को और भी खास बनाता है इस पर बना खूबसूरत मोर। भारतीय संस्कृति में मोर को सुंदरता, शालीनता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसकी बारीक आकृति और आकर्षक नक्काशी उर्ली को शाही अंदाज देती है। चांदी की चमक के साथ मोर की कलाकृति इस पारंपरिक उपहार की खूबसूरती को और बढ़ा देती है।
क्या होती है उरली
- उरली एक पारंपरिक भारतीय बर्तन है, जिसका इस्तेमाल पुराने समय से घरों की सजावट और धार्मिक-सांस्कृतिक अवसरों पर किया जाता रहा है। खासतौर से उरली में पानी भरकर फूलों को सजाया जाता है। आमतौर पर यह चौड़े मुंह और गोल आकार का होता है। इसे पीतल, कांसे और चांदी जैसी धातुओं से तैयार किया जाता है। भारतीय घरों में उरली को समृद्धि, पवित्रता और अतिथि सत्कार से जोड़कर देखा जाता है। यही कारण है कि त्योहारों, शादी-विवाह और पारिवारिक समारोहों में इसका इस्तेमाल सजावट के लिए किया जाता है।

Urli Bowl Design (Photo Credit - Pinterest/X)
कैसे किया जाता है उरली का इस्तेमाल?
उर्ली का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। इसे घर के प्रवेश द्वार, बैठक या किसी खास कोने में सजाकर रखा जा सकता है। इसके लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जाते हैं।
- पानी भरें: सबसे पहले उर्ली को साफ करके उसमें सामान्य तापमान का पानी भरें।
- फूल सजाएं: पानी की सतह पर गुलाब की पंखुड़ियां, गेंदे के फूल या कमल की पंखुड़ियां डालें।
- दीया लगाएं: सजावट को और आकर्षक बनाने के लिए किनारे पर छोटे तैरते हुए फूलों वाले दीपक रख सकते हैं।
चांदी की उरली खास क्यों है
भारतीय संस्कृति में किसी को चांदी तोहफे में देना बहुत शुभ माना जाता है। वहीं ये चांदी की उरली केवल घर सजाने की वस्तु नहीं, बल्कि भारतीय पारंपरिक कारीगरी का प्रतिनिधित्व करती है। प्रधानमंत्री मोदी का यह उपहार भारतीय संस्कृति और कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का भी एक सुंदर माध्यम है।
