शहर

इंदौर के बाद गुजरात में गंदे पानी का कहर; गांधीनगर में 100 से अधिक बच्चे अस्पताल में भर्ती

Gandhinagar Water Contamination: गुजरात के गांधीनगर में गंदा पानी पीने से हालात बिगड़ गए हैं। पिछले कुछ दिनों में 100 से अधिक बच्चे बीमार हुए हैं, जिनमें कई टाइफाइड से ग्रस्त हैं। एक छह वर्षीय बच्ची की टाइफाइड से मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के अन्य बच्चे भी बीमार हैं। प्रभावित क्षेत्रों सेक्टर 24, 26, 28 और आदिवाड़ा में 75 स्वास्थ्य टीमें तैनात हैं, जिन्होंने अब तक 20,800 घरों का सर्वे कर 90 हजार लोगों की जांच की है।

Image

अब गुजरात से आया गंदे पानी का मामला (सांकेतिक चित्र)

Gujarat News: मध्य प्रदेश के इंदौर के बाद अब गुजरात से गंदा पानी पीने से बच्चों के बीमार होने का मामला आया है। बीते कुछ दिनों में शहर के कई इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति के चलते 100 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए हैं। इनमें से कई को टाइफाइड हुआ है। हालात इतने बिगड़े कि सिविल अस्पताल में बच्चों भर्ती करने के लिए नया वार्ड खोलना पड़ा है।

हालात बिगड़े, एक बच्ची की मौत

बीमार बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ने के बाद गांधीनगर सिविल अस्पताल में अतिरिक्त वार्ड खोलना पड़ा। फिलहाल 94 मरीजों का इलाज सिविल अस्पताल और सेक्टर-24 व 29 के अर्बन हेल्थ सेंटर (UHC) में जारी है। वहीं, इलाज के बाद 19 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। इस पूरे मामले में एक छह वर्षीय बच्ची की टाइफाइड से मौत भी हो चुकी है। उसी परिवार का दूसरा बच्चा सिविल अस्पताल में भर्ती है। परिवार में चार बच्चे हैं और सभी की तबीयत खराब बताई जा रही है

प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य टीमें तैनात

गांधीनगर के सेक्टर 24, 26, 28 और आदिवाड़ा क्षेत्र को सबसे ज्यादा प्रभावित माना गया है। यहां 75 स्वास्थ्य टीमों को सर्वे और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक 20,800 से अधिक घरों में सर्वे कर करीब 90 हजार लोगों की जांच की जा चुकी है। साथ ही प्रभावित इलाकों में 24×7 ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं।

टाइफाइड रोकथाम के लिए दवाओं का वितरण

बीमारी की रोकथाम के लिए प्रशासन ने 30 हजार टाइफाइड की गोलियां और 20 हजार से अधिक ORS पैकेट वितरित किए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पानी उबालकर ही पीएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नलों से पानी नहीं आ रहा है और मोटर के जरिए जो पानी मिल रहा है, उसमें तेज बदबू है। लोगों ने आशंका जताई है कि इसी दूषित पानी के कारण बीमारी फैली है। नगर निगम ने दावा किया है कि सोमवार तक 24 घंटे पानी की सप्लाई को लेकर स्विचओवर का काम पूरा कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article