बिजनेस

US Canada Trade War : अमेरिका ने कनाडा से डेयरी प्रोडक्ट आयात पर लगाया बैन

अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड वार और तीखा होता जा रहा है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से कई तरह के डेयरी प्रोडक्ट सहित कई और उत्पादों को बैन करने का ऐलान किया है।

Image

अमेरिका कनाडा ट्रेड वार

US Canada Trade War: अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहा ट्रेड वार अब और ज्यादा गहरा गया है। Donald Trump ने कनाडा से आने वाले कुछ डेयरी प्रोडक्ट के आयात पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। यह नया कदम ऐसे समय आया है, जब कनाडा ने भी अमेरिका से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर जवाबी टैरिफ (Tariff) लागू कर दिए हैं। नए अमेरिकी प्रतिबंध 29 सितंबर, 2026 से प्रभावी होंगे।

दोनों देशों के बीच ट्रेड विवाद अब सिर्फ टैरिफ तक सीमित नहीं रह गया है। अमेरिका अब कनाडाई उत्पादों को संघीय सरकार के बड़े और लंबे समय वाले कॉन्ट्रैक्ट्स से भी बाहर करने की दिशा में बढ़ रहा है। दूसरी ओर कनाडा ने संकेत दिया है कि वह अमेरिकी बाजार पर अपनी निर्भरता कम करने और यूरोपीय संघ (European Union) समेत दूसरे वैश्विक बाजारों के साथ रिश्ते मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।

डेयरी प्रोडक्ट अमेरिका का बड़ा फैसला

ट्रंप का कहना है कि कनाडा से आने वाले कुछ डेयरी प्रोडक्ट के आयात पर रोक लगाई जाएगी। उनका आरोप है कि कनाडा की ट्रेड पॉलिसी अमेरिकी डेयरी प्रोडक्ट के साथ भेदभाव करती है। इस फैसले के तहत प्रभावित कनाडाई डेयरी उत्पादों को अमेरिकी बाजार में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह कदम पहले से लगाए गए टैरिफ से अलग है, क्योंकि यहां सीधे आयात बंद करने की बात है। यह फैसला 29 सितंबर से लागू होगा।

कनाडा ने भी दिया झटका

अमेरिका के कदम के कुछ ही समय बाद कनाडा ने अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लागू कर दिए। इन नए टैरिफ का दायरा करीब 20 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान तक है। इनमें स्टील, एल्युमिनियम, चीज, घरेलू उपकरण, कपड़े, कॉस्मेटिक और फार्म इक्विपमेंट समेत कई प्रोडक्ट शामिल हैं।

अमेरिका से बढ़ रही दूरी

कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रेड वार के बीच कहा है कि उनका देश अब अपनी इकोनॉमी को ज्यादा इंडिपेंडेंट और डायवर्सिफाइड बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। कार्नी ने माना कि इस बदलाव से शॉर्ट टर्म में कनाडा को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों ने यह समझने का मौका दिया है कि किसी एक पर ज्यादा निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है।

ट्रेड वार टैरिफ तक सीमित नहीं

US-Canada Trade Talks के 21 अगस्त को टूटने के बाद तनाव लगातार बढ़ा है। ट्रंप प्रशासन की ओर से नए टैरिफ और दूसरे ट्रेड मानक सामने आए हैं, जबकि कनाडा ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस तनाव का असर आम लोगों के व्यवहार पर भी दिखाई दे रहा है। कनाडा में अमेरिकी प्रोडक्ट के बॉयकॉट और अमेरिका की ट्रेवल डिमांड में गिरावट के ट्रेंड सामने आए हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article