Gujarat Accident: गुजरात के बोटाद जिले में सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक निजी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत और 20 घायल लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बस जूनागढ़ से वापस आ रही थी, इस दौरान यह हादसा हो गया।
पलियाद कस्बे के पास टकराई बस
पुलिस निरीक्षक परबाद वंदा ने बताया कि बस में रानपुर तालुका के पर्यटक सवार थे। यह बस पलियाद कस्बे के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। अधिकारी ने बताया, ‘‘तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और लगभग 20 लोग घायल हो गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बस जिले के रानपुर तालुका के एक गांव से पर्यटकों को लेकर जूनागढ़ गई थी और लौटते वक्त ये हादसा हुआ।’’ अधिकारी ने बताया कि घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दो दिन की यात्रा पर निकले थे बस यात्री
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बस में सवार यात्रियों में रानपुर तालुका के उमरला गांव की महिलाएं थी। ये लोग दो दिन की यात्रा पर गई थे, जहां से लौटते समय बस सकारडी रोड पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। चीख-पुकार सुन स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
(इनपुट - भाषा)
