Greater Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुत्तों से जुड़े कई मामले सामने आते रहते हैं। कभी कुत्तों का आतंक तो कभी डॉग प्रेमियों का व्यवहार लोगों पर भारी पड़ने लगता है। यहां कुत्तों के हमले से परेशान लोग अब डॉग लवर्स से भी परेशान होने लगे हैं। ऐसा ही कुत्ते से जुड़ा एक और मामला हाल-फिलहाल में फिर सामने आया है। यहां कुत्ते को लिफ्ट में चढ़ाने के लिए मना करना एक मासूम बच्चे पर भारी पड़ गया। कुत्ते के साथ लिफ्ट में चढ़ने वाली महिला ने बच्चे के साथ मारपीट की। इसकी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
लिफ्ट में कुत्ते को चढ़ने से रोकना पर बच्चे के साथ मारपीट
यह मामला थाना बिसरख के गौर सिटी 2 में स्थित 12th एवेन्यू का है। यहां एक पालतू कुत्ते के साथ एक महिला लिफ्ट में चढ़ रही थी। उसी दौरान बच्चे ने कुत्ते को लिफ्ट में चढ़ाने से मना किया। इस बात पर गुस्साई महिला ने बच्चे को लिफ्ट के बाहर खींचा और उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। बच्चे के साथ मारपीट की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल है।
सोसाइटी के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
इस घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित सोसाइटी के लोगों ने देर रात प्रदर्शन करना शुरू किया। साथ ही नोएडा पुलिस के विरोध में भी जमकर नारेबाजी की गई। निसावियों ने प्रशासन से कुत्तों के मामलों में कड़े कदम उठाने की मांग भी की है। ताकि इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में किसी और के साथ न हो और इन्हें अधिक बढ़ने से पहले रोका जा सके।
कुत्तों को लेकर नोएडा में होते रहते हैं विवाद
ग्रेटर नोएडा में कुत्तों को लेकर अक्सर विवाद होते रहते हैं। यहां पालतू कुत्ते को लेकर विवाद की कई घटनाएं सामने आई है। इस तरह के मामलों में सोसाइटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और नियमों पर कई सवाल उठते हैं, लेकिन फिर भी इन पर किसी प्रकार कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।
