ग्रेटर नोएडा

दो फॉलोअर्स कम हुए तो फायर हुई पत्नी, थाने में घंटों चला बवाल; आखिर पति ने गलती मानी

पति-पत्नी के बीच छोटा-मोटा विवाद आम बात है। लेकिन सोशल मीडिया के चलते यह विवाद आजकल बड़े विवादों में बदल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हापुड़ के महिला पुलिस थाने में आया। जहां पुलिस को मामला सुलझाने में 4 घंटे लगे और आखिर पति ने अपनी गलती मानी, जिसके बाद पत्नी का गुस्सा कम हुआ।

Image

सोशल मीडिया के कारण लड़ रहे पति-पत्नी (फोटो - AI Image)

आजकल की एवर कनेक्टिड और सोशल मीडिया की दुनिया में लोगों की जिंदगी लाइक, शेयर और फॉलोअर्स तक सिमट गई है। सोशल मीडिया पर लाइक नहीं मिलने या शेयर नहीं करने पर कई लोग आत्महत्या कर चुके हैं। जबकि लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग अजीब-अजीब हथकंडे अपनाने से भी बाज नहीं आते। ऐसे लोगों के लिए सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स कम होना किसी सदमे से कम नहीं है। फॉलोअर्स कम होने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी फायर हो गई और फिर घंटों तक पुलिस पति-पत्नी को समझाती रही।

मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ का है। पत्नी का कहना है कि पति के कहने पर उसे रसोई में जाकर बर्तन धोने पड़े, जिसके कारण सोशल मीडिया पर उनके दो फॉलोअर्स कम हो गए। मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया और इन आरोपों को लेकर पुलिस चार घंटे तक पति-पत्नी को समझाती रही।

घंटों पुलिस समझाती रही और आखिरकार पति ने अपनी गलती मान ली। पति द्वारा अपनी गलती मानने के बाद ही यह मामला सुलझा। दरअसल पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी पत्नी हर समय सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती है, जिस कारण दोनों को ही थाने बुलाया गया था।

इससे पहले भी दोनों के बीच सोशल मीडिया को लेकर विवाद हुआ था और तब भी मामला थाने तक पहुंचा था। पत्नी की रील बनाने का चस्का फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में पति-पत्नी एक-दूसरे के खिलाफ हो रहे हैं।

दिल्ली से सटे नोएडा के एक पति ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया मेरे घर के लिए सिरदर्द बन चुका है। उसका आरोप था कि उसकी पत्नी हर समय सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती है। जिसको लेकर कई बार आपस में कहा सुनी हो चुकी है।

कल यानी सोमवार 9 जून को हापुड़ के महिला थाने में गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में रहने वाले इसी शख्स की पिलखुवा में रहने वाली पत्नी को बुलवाया गया। महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने करीब 4 घंटे तक दोनों पति-पत्नी को समझाया। उनके बीच के विवाद को सुना और पत्नी को समझाया, तब जाकर मामला सुलझा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article