Greater Noida News: सितंबर 2023 में प्रस्तावित जी-20 समिट से पहले ग्रेटर नोएडा को नया रंग-रूप देने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने सभी वर्क सर्किल, उद्यान व विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। ग्रेटर नोएडा में एक-एक रोड, गोलचक्कर वाइज कहां-क्या कार्य होने हैं, इन सभी का खाका तैयार कराया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को चमकाने के लिए कमर कस ली है।
बता दें कि, सीईओ रितु माहेश्वरी ने जी-20 समिट को ध्यान में रखते हुए वर्क सर्किल वार कार्यों का ब्योरा संबंधित प्रभारियों से मांगा था। प्राधिकरण की एसीईओ मेधा रूपम और आनंद वर्धन के साथ सीईओ रितु माहेश्वरी ने एक-एक रोड और गोलचक्कर वाइज होने वाले कार्यों को अंतिम रूप देने के लिए प्लान तैयार करवाया। सीईओ ने ग्रेटर नोएडा के पांचों एंट्री गेट का डिजाइन एक सप्ताह में उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया।
