ग्रेटर नोएडा के लोगों को सफर आसान और आरामदायक बनाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चारमूर्ति से ग्रेटर नोएडा के सिरसा तक सड़क चौड़ीकरण करने की योजना है। इतना ही नहीं सर्विस रोड को 2 लेन से 3 लेन बनाया जाएगा। चौड़ीकरण से जाम के झाम से भी राहत मिलेगी और आने वाले समय में आबादी बढ़ने की स्थिति में भी लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस रोड पर यात्रा करने वाले और सेक्टरवासियों के साथ आसपास बसे गांव के लोगों को भी बड़ा लाभ होगा। आइए आपको इसके बारे में अधिक जानकारी दें -
130 मीटर चौड़ी सड़क का होगा निर्माण
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, चारमूर्ती से ग्रेटर नोएडा के सिरसा तक 130 मीटर की सर्विस रोड की चौड़ाई अभी सात मीटर है। लेकिन चौड़ीकरण की योजना में इसकी चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस सड़क लंबाई 25 किमी है और दोनों तरफ 7 मीटर दो चौड़ी लेन है। अब इन लेन को 10 मीटर किया जाएगा। ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बता दें कि इस सड़क का सीधा जुड़ाव नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से होगा।
आगामी 25 सालों की स्थिति को देखते हुए तैयार किया गया प्लान
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी, जिसके बाद यहां ट्रैफिक का और दबाव बढ़ेगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा के विस्तार की भी तैयारी की जा रही है। मास्टर प्लान 2041 को मंजूरी पहले ही मिल गई है। इसके अनुसार, आने वाले समय में यहां आबादी और बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए डिटेल एक्शन प्लान में 130 मीटर सड़क विस्तार को भी शामिल किया गया है।
वाहनों की सुविधा के लिए लगेगी रिफ्लेक्टर लाइट
रात के दौरान वाहन चालकों को बहुत दिक्कत होती है। उनकी सुविधा के लिए सड़क किनारे और मोड़ वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टर लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही जगह-जगह साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकी वाहन चालकों को यात्रा करने में आसानी हो।
