Greater Noida Crime: गौतमबुद्धनगर की ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे दस हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया है। आरोपी मैनपुरी जिले में संतोष यादव गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस की इसको कई दिनों से तलाश थी।
आरोपी पर वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। बदमाश शातिर तरीके से वाहनों को चोरी करता था। इसके बाद उसे अन्य जनपदों में बिक्री कर देता था। बदमाश चोरी करने के बाद मुनाफा अपने गैंग के पास भी भेजता था।
एटा का रहने वाला है आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बदमाश राकेश कुमार को सूत्याना गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। राकेश कुमार एटा के अमीरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। बदमाश मैनपुरी में संतोष यादव गैंग का सक्रिय सदस्य भी है। आरोपी पर मैनपुरी कोतवाली में गैंगस्टर का मामला पहले से दर्ज है। वह वाहनों की चोरी करता था, फिर उनको यहां से दूसरे जिलों में बेच कर मुनाफा कमाया करता था।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
गैंगस्टर राकेश कुमार मूल रूप से जनपद एटा के थाना मिरहची के अमीरपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। यह वर्तमान में सूत्याना गांव में रहा करता था। राकेश पर 4 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर सहित अन्य कई धाराएं हैं। इनमें दो मामले मैनपुरी के बताए जा रहे हैं। वहीं, दो मामले गौतमबुद्धनगर के ईकोटेक-3 थाने में पहले से दर्ज थे। पुलिस आरोपी बदमाश से पूछताछ में जुट गई है। बदमाश राकेश के पास से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि, एक बदमाश सूत्याना गांव में रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने दबिश देते हुए आरोपी राकेश को दबोच लिया।
