ग्रेटर नोएडा

Chilla Elevated Road project : चिल्ला एलेवेटेड रोड प्रोजेक्ट में फिर आएगी तेजी, नोएडा अथॉरिटी ने IIT दिल्ली को भेजा प्रस्ताव

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jan 18, 2023, 09:09 AM IST

Chilla Elevated Road project : इस एलिवेटेड रोड का निर्माण दिल्ली के चिल्ला से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक किया जाना है। महामाया फ्लाईओवर के पास से ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होती है। इस रोड के बन जाने के बाद दिल्ली से परी चौक तक नॉट स्टॉप दूरी तय की जा सकेगी।

Image

नोएडा अथॉरिटी ने आईआईटी दिल्ली को एक प्रस्ताव भेजा है।

Photo : BCCL

Chilla Elevated Road project : चिल्ला एलेवेटेड रोड प्रोजेक्ट के निर्माण में एक बार फिर तेजी आने जा रही है। इस प्रोजेक्ट पर नोएडा अथॉरिटी ने नए उत्साह के साथ काम करना शुरू कर दिया है। अथॉरिटी ने प्रोजेक्ट की लागत पर अनुमान लगाने के लिए एक प्रस्ताव आईआईटी दिल्ली को भेजा है। इस रोड पर करीब 801 करोड़ रुपए की लागत आने की बात कही गई है। बहरहाल, इस प्रोजेक्ट के निर्माण में कितनी लागत आएगी, इसका एक सटीक आंकलन आईआईटी दिल्ली की ओर से किया जाएगा। इसके बाद यह प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सरकार के पास भेजा जाएगा। बन जाने के बाद यह रोड ग्रेटर नोएडा को सीधे दिल्ली से जोड़ेगा।

चिल्ला से महामाया फ्लाईओवर तक निर्माण

इस एलिवेटेड रोड का निर्माण दिल्ली के चिल्ला से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक किया जाना है। महामाया फ्लाईओवर के पास से ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होती है। इस रोड के बन जाने के बाद दिल्ली से परी चौक तक नॉट स्टॉप दूरी तय की जा सकेगी। यह एलिवेटेड रोड मयूर विहार से भी जुड़ेगा। यह सड़क 6.96 किलोमीटर लंबी होगी। इससे नोएडा फिल्म सिटी के पास लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी।

सीएम योगी ने 2019 में रखी थी आधारशिला

बता दें कि इस सड़क की आधारशिला सीएम योगी आदित्यनाथ ने 15 जनवरी 2019 को रखी थी लेकिन इसके बाद इस पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। पुल का निर्माण नोएडा अथॉरिटी और यूपी सरकार ने किया है। ट्रायसिटी के मुताबकि यूपी सरकार ने इसके लिए कोई रकम नहीं दी जबकि अथॉरिटी ने इस पर 74 करोड़ रुपए खर्च किए। शुरू में इस प्रोजेक्ट पर 605.32 करोड़ रुपए की लागत आने की बात कही गई। हैरान करने वाली बात है कि अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट के लिए छह बार बजट बनाया लेकिन धरातल पर इस काम में तेजी नहीं आ पाई। अभी तक इस प्रोजेक्ट का केवल 13 प्रतिशत काम पूरा हो पाया है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article