Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा बस डिपो होली के त्योहार पर गोरखपुर, कानपुर और लखनऊ के लिए भी बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही बदायूं, मैनपुरी, एटा, आगरा, अलीगढ़ व अन्य जिलों के लिए चल रही बसों के चक्करों (फेरों) को भी बढ़ाने का प्लान बनाया जा रहा है। लोकल रूट पर चल रही बसों के फेरों को बढ़ाया जाएगा। होली के एक सप्ताह पूर्व से ही ग्रेटर नोएडा डिपो की बसों की सेवाओं का लाभ यात्रियों को मिलने लगेगा। कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर के लिए चलने वाली बसें यात्रियों की उपलब्धता पर ग्रेटर नोएडा के परी चौक से भी संचालित करने की योजना है।
बता दें कि, नॉलेज पार्क के क्षेत्र में रहकर पढ़ने वाले हजारों छात्रों को परी चौक से ही अपने गंतव्य पर जाने के लिए बसें मिल सकेंगी। ग्रेटर नोएडा डिपो के स्टेशन अधीक्षक विष्णु दत्त शर्मा मुताबिक, होली के त्योहार से पूर्व ही तैयारी शुरू कर दी गई हैं। बसों के रूट चार्ट तैयार करने का काम चल रहा है। लंबे रूट जैसे लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर की बसों में दो-दो चालकों की ड्यूटी लगाने का प्लान है।
