Auto Expo 2023: ग्रेटर नोएडा में तीन साल बाद एक बार फिर से नई गाड़ियों की प्रदर्शनी यानी ऑटो एक्सपो 2023 बुधवार से शुरू हो गया है। हालांकि आम लोगों के लिए यह ऑटो एक्सपो 13 जनवरी से शुरू होगा, जो 18 जनवरी तक चलेगा। इस प्रदर्शनी को लेकर नोएडा की ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें आटो एक्सपो में आने वाले लोगों को वाहन पार्किंग के साथ ट्रैफिक डायवर्जन का प्लान की भी जानकारी दी गई है। नोएडा आने जाने वाले सभी लोगों को ऑटो एक्सपो समाप्त होने तक इसी ट्रैफिक प्लान का पालन करना होगा।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस के इस एडवाइजरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को गलगोटिया कट और एक्सपो मार्ट गोल चक्कर से होकर बड़ा गोलचक्कर की तरफ जाना होगा। एक्सपो में आने वाले लोगों के लिए एक्सपो मार्ट के पास वाहन पार्क की व्यवस्था की गई है। इसी तरह, एनएच-24 से किसान चौक, एलजी गोल चक्कर और शारदा गोल चक्कर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को भी एक्सपो मार्ट गोल चक्कर की तरफ ही जाना होगा। वहीं, आगरा और मथुरा की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे होकर आने वाले वाहनों और सिरसा गोल चक्कर व पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों पर भी यही नियम लागू होंगे।
यहां हुआ है ट्रैफिक डायवर्जन
-इस ऑटो एक्सपो के जारी रहने तक ग्रेटर नोएडा व आसपास के इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक बढ़ने पर इस रूट के वाहनों को सिरसा गोल चक्कर से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डायवर्ड किया जाएगा। वहीं, कार्यक्रम खत्म होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बड़ा गोल चक्कर की पार्किंग में एक्यूरेट इंस्टीट्यूट टी प्वाइंट तक जाना होगा। यहां से सर्विस रोड का इस्तेमाल कर हिंडन कट और सफीपुर अंडरपास से होकर एक्सप्रेस-वे तक जा सकेंगे।
- इस्टेलर जिमखाना की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को अंसल प्लाजा की तरफ के सर्विस रोड से होकर जाना होगा। इसके अलावा ये वाहन एक्सपो मार्ट गोलचक्कर से अंडरपास के रास्ते सर्विस लेन का भी प्रयोग कर सकते हैं। वहीं, ऑटो एक्सपो के आयोजकों द्वारा जारी किए गए वाहन पासधारक निर्धारित गेट से एक्सपो मार्ट में प्रवेश कर सकेंगे।
