शहर

Greater Noida News: पति-पत्नी ने 3 बच्चों संग खाया जहर, दंपत्ति की मौत; जानें कारण

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच लोगों के परिवार ने कल देर रात जहर खा लिया। इस घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 10, 8 और 4 साल के तीन बच्चों का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Image

ग्रेटर नोएडा में परिवार के पांच लोगों ने खाया जहर

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सादुल्लापुर गांव में पारिवारिक कारणों के चलते एक पति-पत्नी ने अपने तीन बच्चों को जहर देकर खुद भी खा लिया। जहर खाने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चों का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिसने भी पूरे परिवार के जहर खाने की इस खबर के बारे में सुना सन्न रह गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कल यानी बुधवार 28 जनवरी की रात श्रवण पुत्र अमरनाथ पाल और उनकी पत्नी नीलम ने जहर खा लिया। इसी दौरान उन्होंने अपने तीनों बच्चों को भी जहर दिया। पुलिस के अनुसार उन्होंने पारिवारिक कारणों से यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस के मुताबिक दोनों मूल रूप से प्रयागराज जिले में थाना एयरपोर्ट के असरवाल कला गांव के निवासी थे। पति-पत्नी और तीनों बच्चे फिलहाल ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर गांव में रहते थे।

घटना की सूचना मिलने पर तुरंत ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पांचों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने श्रवण और नीलम यानी पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इकोटेक-3 थाने की पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस से मिली सूचना के अनुसार इस दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। उन्होंने तीनों बच्चों 10 साल की वैष्णवी, 8 वर्षीय वैभव और 4 साल की मासूम लाडो को भी जहर दिया था। तीनों बच्चे फिलहाल जीवित हैं और उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। लेकिन बिना माता-पिता के इन मासूम बच्चों का भविष्य क्या होगा, यह एक बड़ा प्रश्न है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article