Govardhan Puja 2026 Kab Hai : दीपावली के बाद अब गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर लोगों के मन में कन्फ्यूजन है कि यह पर्व 9 नवंबर यानी आज मनाया जाएगा या 10 नवंबर यानी कल मनाया जाएगा। द्रिक पंचांग के अनुसार, गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि सूर्योदय के समय मौजूद रहेगी, इसी वजह से उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा कल की जाएगी। प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर शुरू हो रही है और 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी।
इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा की जाती है। घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा की सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इसका धार्मिक महत्व क्या है?
गोवर्धन पूजा 2026 कब है
गोवर्धन पूजा इस साल 10 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इसे अन्नकूट पूजा भी कहा जाता है। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के दिन यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत अपनी छोटी उंगली पर उठाया था। इस दिन के बाद से ही गोवर्धन पर्वत की पूजा की जाने लगी थी।
गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का सुबह का शुभ समय सुबह 6 बजकर 40 मिनट से 8 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। वहीं, कानपुर में पूजा का प्रातःकालीन मुहूर्त सुबह 6 बजकर 24 मिनट से 8 बजकर 35 मिनट तक है। शहर के अनुसार सूर्योदय और पूजा के समय में अंतर हो सकता है।
प्रतिपदा तिथि का समय:
- प्रतिपदा तिथि शुरू: 9 नवंबर, दोपहर 12:31 बजे
- प्रतिपदा तिथि समाप्त: 10 नवंबर, दोपहर 2:00 बजे
- गोवर्धन पूजा: 10 नवंबर, मंगलवार
ध्यान रखें कि पूजा का मुहूर्त आपके शहर के स्थानीय पंचांग के अनुसार कुछ मिनट अलग हो सकता है।
गोवर्धन पूजा की सामग्री
गोवर्धन पूजा के लिए सुबह स्नान के बाद पूजा की तैयारी करें। इसके लिए गोबर, फूल, रोली, अक्षत, धूप, दीपक, मिठाई, फल, दूध, दही, शहद, घी, गंगाजल और भोग के लिए अन्न की जरूरत होती है। भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर के साथ गाय और बछड़े की पूजा के लिए भी सामग्री रखें।
गोवर्धन पूजा की विधि
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद घर के आंगन या किसी साफ जगह पर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाएं। इसे फूलों, पत्तियों और रंगोली से सजाएं। गोबर से गाय और बछड़े की आकृति भी बनाई जा सकती है। अब गोवर्धन पर्वत के पास भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। सबसे पहले भगवान का ध्यान करके रोली, अक्षत और फूल अर्पित करें। इसके बाद दीपक और धूप जलाएं। भगवान श्रीकृष्ण को दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से स्नान कराएं। इसके बाद नए वस्त्र या पीले वस्त्र अर्पित करें।
पूजा के दौरान गोवर्धन पर्वत की भी रोली, अक्षत, फूल और जल से पूजा करें। इसके बाद गाय और बछड़े को तिलक लगाकर उनकी पूजा करें। गाय को हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाएं। अंत में भगवान श्रीकृष्ण की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
गोवर्धन पूजा पर क्यों बनाया जाता है गोबर का पर्वत
गोवर्धन पूजा पर गोबर से पर्वत बनाने के पीछे भगवान श्रीकृष्ण की एक प्रमुख लीला जुड़ी हुई है। धार्मिक कथा के अनुसार, ब्रज के लोग देवराज इंद्र की पूजा करते थे। बाल कृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन और आजीविका का आधार गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौवंश हैं। इसके बाद ब्रजवासियों ने इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की तो इससे इंद्र देव क्रोधित हो गए और उन्होंने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। लगातार बारिश से ब्रजवासियों के घर और पशु संकट में आ गए। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। ब्रज के सभी लोग और उनके पशु पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे। सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाए रखा। अंत में इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। इसके बाद से ही हर साल कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा की जाती है। इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है।
गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट का भोग क्यों लगाया जाता है
गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पूजा भी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवान, मिठाइयां, सब्जियां, अनाज और मौसमी व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। अधिकतर मंदिरों में छप्पन भोग भी तैयार किया जाता है। इस भोग को अन्नकूट कहा जाता है। मान्यता है कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने 7 दिनों तक गोवर्धन पर्वत को उठाए रखा था, तब उन्होंने भोजन नहीं किया था। इस पर सभी ब्रजवासियों ने माता यशोदा से पूछा कि वे कान्हा को दिन में कितनी बार भोजन कराती हैं, तो यशोदा मइया ने बताया कि वे 8 बार लाला को भोग लगाती है। इस पर ब्रजवासियों ने 7 दिन और 8 बार के हिसाब से पकवान बनाकर कान्हा को खिलाया। ऐसे 7*8 =56 प्रकार के व्यंजनों का भोग कान्हा जी को लगाया है। इसी कारण आज भी भगवान श्रीकृष्ण को इस दिन छप्पन भोग लगाया जाता है।
अन्नकूट में चावल, दाल, सब्जियां, कढ़ी, पूड़ी, हलवा और अन्य पकवान बनाए जाते हैं। सबसे पहले भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित किया जाता है। इसके बाद प्रसाद परिवार और श्रद्धालुओं में बांटा जाता है। इस दिन अन्न का सम्मान करने और जरूरतमंदों को भोजन कराने का भी विशेष महत्व है।
गोवर्धन पूजा पर गाय की पूजा क्यों की जाती है
भगवान श्रीकृष्ण का बचपन गोकुल और वृंदावन में बीता था। उन्हें गोपाल और गोविंद भी कहा जाता है। गायों के साथ उनका विशेष संबंध रहा है। इसी वजह से गोवर्धन पूजा पर गाय और बछड़े की पूजा की जाती है। इस दिन गाय को स्नान कराकर उसके माथे पर तिलक लगाया जाता है। फूलों की माला पहनाई जाती है और गुड़, रोटी तथा हरा चारा खिलाया जाता है। गाय की आरती करके परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।
इस बार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को है। ऐसे में आज 9 नवंबर को पूजा की तैयारी कर लें और कल सुबह अपने शहर के शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा करें।
