शहर

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, एक ही परिवार के 6 लोग जिंदा जले

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के थाना तीतावी क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। डिवाइडर से टकराकर कार पलटने से उसमें आग लग गई, जिससे कार सवार हरियाणा के एक परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

Image

हादसे के बाद बुरी तरह जली कार

Photo : Times Now Digital

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। थाना तीतावी क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे मार्ग पर एक ऑरा (Aura) कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पलटते ही कार में अचानक आग लग गई और कार सवार सभी 6 लोग अंदर ही फंस गए। आग की लपटों में घिरे सभी 6 लोगों की जिंदा जलकर तड़प-तड़पकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हरियाणा से हरिद्वार जा रहा था परिवार

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग हरियाणा के रहने वाले थे और वे ऑरा गाड़ी में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार जा रहे थे। चीख-पुकार से दहला हाईवे: जैसे ही कार में आग भड़की, अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर हाईवे पर हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत रुककर पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि किसी को भी कार के पास जाने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और उसमें सवार 6 लोग आंखों के सामने ही तड़पकर शांत हो गए।

पुलिस और राहत टीम मौके पर मौजूद

हादसे की सूचना मिलते ही थाना तीतावी पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद कार के मलबे से जले हुए शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर बचाव और राहत कार्य शुरू किया। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद तीतावी हाईवे मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article