ग्रेटर नोएडा के सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। जहां एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत की बात है कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
एसी ब्लास्ट के बाद भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यह घटना दनकौर स्थित ननुआ का राजपुर गांव में हुई। मकान में आज सुबह अचानक एसी के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद आग लग गई और जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने घर के दो कमरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों कमरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि घर में मौजूद परिवार समय रहते घर के बाहर निकल आया। जिससे उनकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - मानसून आने के बाद भी दिल्ली में क्यों बढ़ी उमस, IMD के येलो अलर्ट के बीच जानें आज बारिश की कितनी संभावना
लाखों रुपये का सामान जलकर राख
इस हादसे में घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट बताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
