नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट अटकने और लोगों की जान आफत में पड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर ईटा-2 स्थित मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी से सामने आया है। यहां गुरुवार शाम एक टावर की लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच में ही अटक गई। लिफ्ट के भीतर बच्चे और बुजुर्गों समेत कुल 6 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
चिल्लाते रहे लोग, नहीं बजा अलार्म!
सोसाइटी के एक निवासी से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की शाम को एक टावर की लिफ्ट में सवार होकर 6 लोग ऊपर की मंजिल से नीचे की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान अचानक झटका लगा और लिफ्ट दो मंजिलों के बीच में ही लॉक हो गई। लिफ्ट के अंदर फंसे लोगों ने बताया कि अचानक लिफ्ट रुकने से वे बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने हिम्मत जुटाकर काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाई और लिफ्ट के अंदर लगा इमरजेंसी अलार्म भी लगातार बजाया। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह था कि काफी देर तक किसी भी सुरक्षाकर्मी या मेंटेनेंस स्टाफ ने उनकी आवाज नहीं सुनी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- चार दिन से एक ही जगह अटका मानसून, 12 राज्यों में मंडरा रहा संकट; जानें छत्तीसगढ़ में कब पहुंचेंगी मानसूनी हवाएं
दरवाजा खोलकर निकाला बाहर
जब लिफ्ट के पास से गुजर रहे लोगों को अंदर से चिल्लाने की आवाज आई, तो अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद सोसाइटी के ही युवकों ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट के दरवाजे को कटर या तकनीकी रूप से खींचकर खोलने का प्रयास किया और लगभग 20 मिनट की कैद के बाद सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लिफ्ट से बाहर आते ही लोगों ने राहत की सांस ली।
गुस्साए लोगों का मेंटेनेंस के खिलाफ प्रदर्शन
इस खौफनाक हादसे के बाद मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी के निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोग टावर के नीचे इकट्ठा हो गए और बिल्डर तथा मेंटेनेंस टीम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट के रखरखाव के नाम पर हर महीने मोटी रकम वसूली जाती है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर, खासकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बहुमंजिला अपार्टमेंट्स में लिफ्ट का फ्री-फॉल होना या बीच में अटक जाना अब आम बात हो चुकी है। लिफ्ट एक्ट लागू होने के दावों के बावजूद स्थानीय प्रशासन और बिल्डरों की ओर से कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई न होने पर अब जनता लगातार सवाल उठा रही है।
