Greater Noida Dog Bite: शहर की हाई-राइज सोसाइटियों में कुत्तों के आतंक का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र की 'लोटस वेलफेयर सोसाइटी' से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात एक पालतू कुत्ते ने 13 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह काट लिया। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया और निवासियों ने सुरक्षा को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
खेलते समय हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, 13 साल का ध्रुव वीर शुक्रवार रात करीब 9 बजे सोसाइटी परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान सोसाइटी के ही एक निवासी के पालतू कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके पैर में काट लिया। लहूलुहान हालत में बच्चे को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ध्रुव के पिता वरुण ने कुत्ते के मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मालिक की लापरवाही की वजह से कुत्ता परिसर में खुला घूम रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
आधी रात को हुआ जोरदार हंगामा
जैसे ही बच्चे को कुत्ता काटने की खबर फैली, सोसाइटी के सैकड़ों निवासी नीचे इकट्ठा हो गए। लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। निवासियों का कहना है कि सोसाइटियों में बच्चों का खेलना सुरक्षित नहीं रह गया है क्योंकि कई लोग अपने कुत्तों को बिना पट्टे या मजल के घुमाते हैं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सूरजपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया।
पुलिस की कार्रवाई और दर्ज मामले
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुत्ते के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिनमें धारा 291 (जानवर के संबंध में लापरवाही), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(3) (आपराधिक धमकी) शामिल हैं।
पहले भी आ चुके हैं खौफनाक मामले
यह कोई पहली घटना नहीं है। इसी महीने सेक्टर 70 के बसई गांव में एक शख्स ने विवाद के दौरान अपने पालतू कुत्ते को दो महिलाओं पर छोड़ दिया था, जिससे महिलाओं के कपड़े फट गए और उन्हें भागकर अपनी जान बचानी पड़ी थी। बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं पालतू जानवरों के नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग को फिर से हवा दे रही हैं।
