Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में खेड़ा चौगानपुर इलाके में बिना अनुमति बनाए गए 8 रिहायशी टावरों को सील कर दिया गया है। इन टावरों में 100 से अधिक फ्लैट स्थित थे। प्राधिकरण के भूलेख और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह यह कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ग्रेनो प्राधिकरण के CEO ने दिए कार्रवाई के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीमों को संयुक्त अभियान चलाने को कहा गया है। जानकारी के मुताबिक, खेड़ा चौगानपुर में खसरा संख्या 109 स्थित जमीन प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में आती है। यहां बिना वैध अनुमति और बिना नक्शा पास कराए ही इन रिहायशी टावरों को बनाया गया था। जिस कारण प्राधिकरण ने इन टावरों को सील करने की कार्रवाई की। सील किए गए सभी फ्लैट फिलहाल खाली थे।
ग्रेनो में फ्लैट या जमीन खरीदने से पहले जरूर करें चेक
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में यह पूरी कार्रवाई की गई। इस दौरान ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी राम नयन सिंह, वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, सहायक प्रबंधक राजीव मोटला, स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही प्राधिकरण ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे ग्रेटर नोएडा में फ्लैट या जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से इसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। अपनी मेहनत की कमाई को अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें।
