दिवाली (Diwali) का त्योहार देशभर में रोशनी और खुशियों के साथ मनाया गया, लेकिन दिल्ली में इस दौरान आग लगने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पटाखों और अन्य वजहों से आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर 2026 को विभाग को कुल 257 कॉल मिलीं। इनमें से 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से जुड़ी थीं, जबकि 24 कॉल पटाखों से लगी आग को लेकर थीं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दमकल विभाग के कई कर्मचारी घायल हुए।
रात 8 से 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा घटनाएं
दमकल विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली की रात सबसे ज्यादा अफरा-तफरी रात 8 बजे से 10 बजे के बीच रही। इस दौरान आग लगने की 84 कॉल आईं। वहीं, रात 10 बजे से 12 बजे के बीच 60 घटनाओं की सूचना मिली। इन आंकड़ों से पता चलता है कि पटाखे जलाने के दौरान रात के शुरुआती घंटों में दमकल विभाग को सबसे ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, आधी रात के बाद भी आग लगने की घटनाएं सामने आती रहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: स्कूटी टच होने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
फैक्ट्रियों से लेकर मकानों और दुकानों तक लगी आग
दिवाली की रात दिल्ली के कई इलाकों में आग की बड़ी घटनाएं हुईं। नांगली सकरावती में श्मशान घाट वाली रोड पर स्थित दो पास-पास की फैक्ट्रियों में आग लग गई। वहीं, नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री और सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे बने NDMC के गोदाम में भी आग लगने की सूचना मिली। इसके अलावा पूठ खुर्द की पेठे वाली गली में एक बैंक्वेट हॉल, IP एक्सटेंशन के सरस्वती अपार्टमेंट में एक मकान और करावल नगर के प्रकाश विहार में एक फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। शाहदरा के छोटा बाजार मेन मार्केट में भी एक दुकान में आग लग गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम किया।
एक की मौत, आग बुझाते समय दमकलकर्मी भी घायल
दमकल विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के दौरान आग से जुड़ी घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हुई और छह गैर-घातक घटनाएं दर्ज की गईं। आग बुझाने के दौरान कई दमकलकर्मियों को भी चोटें आईं। नांगली सकरावती में आग बुझाते समय एसटीओ नवीन ठाकरान के दाहिने हाथ में जलने की चोट आई। लिबासपुर के एक गोदाम में लगी आग के दौरान एसओ सीता राम का हाथ फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा शाहदरा और नरेला में तैनात कुछ अन्य दमकलकर्मी भी घायल हुए।
पिछले साल से कम आईं कॉल
अगर पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार दिवाली पर दमकल विभाग को मिलने वाली कॉल की संख्या में कमी आई है। साल 2026 में कुल 257 कॉल आईं, जबकि 2025 में 269 और 2024 में 318 कॉल दर्ज की गई थीं। वहीं, 2023 में 208 और 2022 में 201 कॉल आई थीं। दमकल विभाग की पीक आवर रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर की शाम 6 बजे से 9 नवंबर की सुबह 6 बजे तक कुल 281 कॉल मिलीं। पिछले साल इसी अवधि में 283 और 2024 में 320 कॉल आई थीं।
