शहर

दिवाली की रात हाथों में जलती मशालें लेकर क्यों निकलते हैं लोग, गुजरात के लुनावाड़ा में आज भी जिंदा है सदियों पुरानी परंपरा

गुजरात के महीसागर जिले के लुनावाड़ा में दिवाली की रात 'मेर मेरायु' की अनोखी परंपरा निभाई जाती है। इस दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्ग हाथों में जलती मशालें लेकर गलियों में निकलते हैं और पारंपरिक नारे लगाते हैं।

Image

हाथों में जलती मशाल लेकर निकले लोग (Times Now Navbharat)

दिवाली (Diwali) का त्योहार आते ही देशभर में रोशनी, मिठाइयों और आतिशबाजी का माहौल देखने को मिलता है लेकिन गुजरात (Gujarat) के महीसागर जिले के लुनावाड़ा में दिवाली मनाने का एक अनोखा अंदाज है। यहां दिवाली की रात लोग हाथों में जलती हुई मशालें लेकर गलियों में निकलते हैं। इस खास परंपरा को 'मेर मेरायु' (Mer Merayu) कहा जाता है। इसमें खास बात यह है कि आधुनिकता के दौर में भी लोग इस पुरानी परंपरा को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं। लुनावाड़ा में दिवाली की रात बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस परंपरा में शामिल होते हैं। हाथों में जलती मशालें, पारंपरिक लोकगीत और खास नारे पूरे माहौल को अलग रंग दे देते हैं। इस दौरान लोग एक साथ गलियों से गुजरते हैं और अपनी लोक संस्कृति की झलक पेश करते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: स्कूटी टच होने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या

क्या है 'मेर मेरायु' की परंपरा?

स्थानीय मान्यता के मुताबिक, मेर मेरायु निकालने की परंपरा (Tradition) घरों और मोहल्लों से नकारात्मकता और अनिष्ट तत्वों को दूर करने से जुड़ी है। माना जाता है कि दिवाली की रात इस तरह मशालें लेकर निकलने से आसपास का वातावरण शुद्ध होता है और बुरी शक्तियां दूर रहती हैं। इस परंपरा में इस्तेमाल होने वाला मेरायु भी खास तरीके से तैयार किया जाता है। पहले महिलाएं वरखड़ी के पेड़ की तीन पत्तियों वाली टहनियां लाती थीं। इन टहनियों पर कपड़े या रूई की बत्ती लगाई जाती थी और फिर उस पर मिट्टी का लेप किया जाता था। कुछ लोग इसे पूरी तरह मिट्टी से भी बनाते हैं।

घर-घर से इकट्ठा किया जाता है तेल

दिवाली की रात मेरायु को जलाने के लिए लोग मोहल्ले के घरों में जाकर तेल इकट्ठा करते हैं। इसके बाद मेरायु को लकड़ी में पिरोकर प्रज्वलित किया जाता है। फिर इसे लेकर लोग पूरे मोहल्ले की गलियों से होते हुए बाहर स्थित झांपे तक जाते हैं। इस दौरान लोग पारंपरिक नारे लगाते हैं, 'आज दिवाली, कल दिवाली, हनुमानजी ने लंका जलाई, मेर मेरायु' इन नारों से पूरा इलाका गूंज उठता है। यह नजारा दिवाली के जश्न को और भी खास बना देता है।

नई पीढ़ी भी संभाल रही है विरासत

समय के साथ इस परंपरा को निभाने के तरीके में कुछ बदलाव जरूर आए हैं। पहले लोग घरों में ही पारंपरिक सामग्री से मेरायु तैयार करते थे, लेकिन अब बाजार में भी तैयार मेरायु मिलने लगे हैं। इसके बावजूद लुनावाड़ा और महीसागर जिले के कई इलाकों में यह परंपरा आज भी कायम है। सबसे अच्छी बात यह है कि नई पीढ़ी भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी मिलकर इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article