शहर

फिर एक बार दिवाली की सुबह गंभीर श्रेणी में पहुंचा AQI, पिछले साल के आंकड़ों की तुलना में जानिए क्या कहती है दिल्ली की आबोहवा

दिवाली 2025 की ही तरह 2026 में भी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'गंभीर' हालत में रहा। पिछले साल की तुलना में इस बार दिवाली के बाद दिल्ली का AQI कितना अधिक खतरनाक और गंभीर स्तर पर पहुंचा आइए विस्तार से जानते हैं।

Image

पिछले साल और इस साल कैसी रही दिवाली की सुबह

देश की राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी NCR में सर्दियों की आहट के साथ ही प्रदूषण का दानव विकराल रूप धारण करने लगा था लेकिन दिवाली आते ही यह चरम पर पहुंच गया। हर साल की तरह इस बार भी दिवाली का त्योहार आतिशबाजी और रोशनी के साथ आया, लेकिन इसके साथ ही हवा में घुलने वाला जहर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। सुप्रीम कोर्ट के एक दशक से जारी आदेशों, पाबंदियों और प्रशासन द्वारा लागू GRAP-3 के कड़े नियमों के बावजूद दिवाली की रात दिल्ली के कई इलाकों में हवा 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई। आइए आंकड़ों के जरिए समझते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल दिवाली की सुबह दिल्ली की आबोहवा में कितना बदलाव आया है और प्रदूषण का स्तर किस ओर इशारा कर रहा है।

दिवाली 2025 का प्रदूषण पैटर्न

पिछले साल यानी 2025 में जब दिवाली अक्टूबर के महीने में पड़ी थी, तब भी प्रदूषण ने प्रशासन की चिंता बढ़ाई थी, लेकिन आंकड़े इस बार की तुलना में थोड़े कम गंभीर थे। दिवाली से एक दिन पहले, 19 अक्टूबर 2025 को औसत AQI 296 दर्ज किया गया था, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में आता है। दिवाली के दिन, 20 अक्टूबर 2025 को औसत AQI बढ़कर 345 ('बहुत खराब' श्रेणी) पर पहुंच गया था और दिवाली के अगले दिन 21 अक्टूबर 2025 को औसत AQI मामूली बढ़त के साथ 351 ('बहुत खराब' श्रेणी) दर्ज किया गया था। उस दौरान भी PM2.5 का स्तर दिवाली की रात काफी बढ़ गया था, लेकिन मौसम और हवा की गति ने स्थिति को पूरी तरह 'गंभीर' (400 पार) होने से कुछ हद तक रोके रखा था।

दिवाली 2026 के आंकड़े

इस बार नवंबर 2026 में स्थिति पिछले साल के मुकाबले ज्यादा आक्रामक और चिंताजनक साबित हुई है। इस साल दिवाली के दिन का औसत, 8 नवंबर 2026 को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 24 घंटे का औसत AQI 376 ('बहुत खराब' श्रेणी) दर्ज किया गया, जो पिछले साल के दिवाली के दिन (345) से काफी अधिक है। 8 नवंबर की रात और 9 नवंबर की दरिमियानी रात तड़के करीब 1:30 बजे निजी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म्स पर दिल्ली का रीयल-टाइम AQI उछलकर 1,331 से 1,760 के पार तक दर्ज किया गया, जो अत्यंत खतरनाक स्थिति को दर्शाता है। दिवाली के अगले दिन की सुबह 9 नवंबर 2026 को सोमवार सुबह दिल्ली का आधिकारिक औसत AQI 366 से 370 के बीच बना हुआ है। हालांकि, CPCB के 59 निगरानी केंद्रों में से 20 केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार (गंभीर श्रेणी) पहुंच गया, जहां सोनिया विहार में 463 और जहांगीरपुरी में 450 तक AQI दर्ज किया गया।

प्रशासनिक सख्ती और GRAP-3 के कड़े प्रबंध

बिगड़ते हालात को भांपते हुए प्रशासन ने दीवाली से पहले ही पूरे दिल्ली-NCR में GRAP-3 (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण) लागू कर दिया था। इसके तहत निम्नलिखित कड़े कदम उठाए गए हैं। गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध है, पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों, जैसे BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल वाहन के संचालन पर सख्ती है। एहतियात के तौर पर प्राइमरी स्कूलों को ऑनलाइन मोड में संचालित करने के निर्देश हैं। न्यायिक हस्तक्षेप, सुप्रीम कोर्ट के बार-बार तय किए गए नियमों और प्रशासनिक पाबंदियों के बावजूद दीवाली की रात और उसके अगले दिन हवा का जहरीला होना यह बताता है कि केवल कागजी प्रतिबंधों से काम नहीं चलेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article