शहर

गोलगप्पे खाने निकला था बेटा, वापस नहीं लौटा, गोरखपुर के सहजनवा में किरायेदार का खूनी खेल

Gorakhpur News: गोरखपुर में पांच साल के मासूम की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किरायेदार ने ही मासूम की जान ले ली है।

Image

गोरखपुर में मासूम की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

Gorakhpur News: एक परिवार का चिराग, जो शाम में हंसते-खेलते घर से गोलगप्पा खाने निकाल था, जिसे गोरखपुर मेंं फुल्की कहा जाता है। मासूम ने घर से पैसे लिया, नाना को बोला- आ रहा हूं फुल्की खाकर, लेकिन कभी वो वापस नहीं लौटा। पांच साल का मासूम, जिसे अंधेरे से डर लगता था, जब वो रात होने पर भी नहीं लौटा तो घरवाले खोजने निकल पड़े, लेकिन वो नहीं मिला। आखिरकार पुलिस में गए और जब पुलिस एक्टिव हुई तो घर से वो काला राज निकला, जिसने परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया।

सीसीटीवी में कातिल और खंडहर...

पुलिस जब मासूम को खोजने निकली तो एक टीम सीसीटीवी से बच्चे को ट्रेस करने लगी। सीसीटीवी में एक शख्स के साथ बच्चा जाता दिखा। परिवार ने जब सीसीटीवी देखा तो चौंक गए, वो कोई और नहीं बल्कि उन्हीं जानने वाला, उनका किरायेदार था। जो बच्चे को लेकर जा रहा था। पुलिस ने कल्पेश राय नाम के इस युवक को दबोचा और फिर खंडहर का राज सामने आ गया।

जंगल में लाश-बेदर्दी से हत्या

कल्पेश ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे को मार दिया है। उसी की निशानदेही पर पुलिस खंडहर की ओर गई, जहां से उसने बच्चे की लाश को बरामद कर लिया।

हाथ-पैर बंधे होने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मासूम के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि उसे बेरहमी से तड़पाकर मारा गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मासूम के बाबा जयप्रकाश सिंह ने रुंधे गले से बताया, "मेरा नाती गुरुवार शाम से लापता था। काफी खोजबीन के बाद हमने पुलिस को बताया। पुलिस ने जब जांच की तो सीसीटीवी में एक युवक बच्चे को ले जाता दिखा। उसी की निशानदेही पर खंडहर से शव मिला है। हमारे परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसने हमारे मासूम बच्चे को क्यों मारा, हमें कुछ नहीं पता।"

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कल्पेश राय पीड़ित परिवार के ही मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस मासूम की हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी-कोई पुरानी रंजिश, फिरौती का इरादा या फिर कोई और सनक। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद से पूरे सहजनवा क्षेत्र में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोग आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article