क्राइम

Nagpur: शराबी पति और कातिल पत्नी! ऐसा क्या किया गुरुदेव बोरकर ने कि मनीषा ने खुलेआम लगा दी मौत की बोली

Nagpur News: नागपुर में एक पत्नी, पति से इतना तंग आ गई कि एक समारोह में ही सुपारी का ऐलान कर बैठी। दो युवकों ने इसे गंभीरता से लिया और पैसे लेकर मर्डर कर डाले।

Image

नागपुर में महिला ने पति के नाम निकाली सुपारी (AI Photo)

Nagpur News: गुरुदेव बोरकर, जिसके साथ जीने मरने की मनीषा ने कसमें खाईं थी, सात फेरे लिए, उसने आखिर ऐसा क्या किया कि उसी ने अपने पति की मौत की बोली लगा दी, कीमत तय हुई 1 लाख, 50 हजार एडवांस दिया गया और बाकि काम होने के बाद। बिलकुल पेशेवेर अपराधी के अंदाज में मनीषा ने न केवल इस मौत के सौदे को तय किया बल्कि उसे अंजाम तक भी पहुंचाया। पेशेवर कातिल का ये तरीका कभी मनीषा ने अपने पति गणेश उर्फ गुरुदेव बोरकर से ही सीखा था।

शराबी पति और कातिल पत्नी

गणेश उर्फ गुरुदेव बोरकर एक पेशेवर अपराधी था। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इतना ही नहीं गणेश एक नंबर का शराबी भी था। अपराध करता और शराब के नशे में डूबा रहता, इसे नशे में रहने के दौरान वो मनीषा के साथ वो करता, जिसके कारण मनीषा ने उसकी सुपारी दे डाली।

ऐसा क्या किया मनीषा के साथ?

पुलिस जांच और पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड के पीछे जो वजह सामने आई, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी पत्नी मनीषा ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए प्रताड़ना की दर्दनाक दास्तां सुनाई। मनीषा की यह दूसरी शादी थी और पहले पति से उसकी दो बेटियां हैं। मनीषा ने बताया कि गणेश न केवल उसे बेरहमी से पीटता था, बल्कि उसकी बेटियों पर भी गलत नजर रखता था। वह अक्सर घर न आने पर मनीषा और उसकी बेटियों को जान से मारने की धमकियां देता रहता था।

और लग गई मौत की बोली

करीब डेढ़ महीने पहले कन्हान इलाके में एक पारिवारिक शादी के दौरान गणेश ने मनीषा के साथ सबके सामने मारपीट और गाली-गलौज की थी। इस सार्वजनिक अपमान और रोज-रोज के जुल्म से तंग आकर मनीषा ने गुस्से में वहीं ऐलान कर दिया कि जो कोई गणेश को रास्ते से हटाएगा, उसे वह एक लाख रुपये देगी। वहां मौजूद दो युवकों- ददू उर्फ अभिजीत साखरे और अमन उर्फ नाटो पप्पू कैतवार ने इस बात को गंभीरता से लिया और महिला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

एडवांस के बाद हत्या

यह पूरी घटना नागपुर के भांडेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र की है। साजिश को अंजाम देने के लिए मनीषा ने अपने सोने के गहने बेचकर पैसों का इंतजाम किया। उसने आरोपी अमन को 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए। बीती रात योजना के मुताबिक, अमन और उसके दो साथियों ने पहले गणेश की रेकी की (पीछा किया) और जैसे ही सुनसान मौका मिला, धारदार हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मनीषा गिरफ्तार, कातिल फरार

भांडेवाड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की कड़ियां जोड़ीं और मुख्य साजिशकर्ता पत्नी मनीषा बोरकर और सह-आरोपी अभिजीत उर्फ ददू साखरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर फरार चल रहे अमन और उसके एक अन्य साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article