शहर

गोरखपुर : NEET छात्र की हत्या के मामले में बड़ा एक्शन, पूरी चौकी सस्पेंड; CM ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पशु तस्करों द्वारा की गई NEET छात्र की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. जंगल धूषण चौकी के चौकी प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।

Image

NEET छात्र की हत्या के मामले में बड़ा एक्शन (फोटो-PTI)

गोरखपुर: पिपराइच क्षेत्र के महुआ चापी में बीती रात एक युवक की मौत के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। मंगलवार की शाम जंगल धूषण चौकी के चौकी प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। गोरखपुर पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ एस ने पशु तस्करों की तलाश में एसटीएफ को लगाया है। इस मामले में नाराज ग्रामीण वासियों ने मंगलवार को काफी बवाल किया। पुलिस पर पथराव करने लगे। इस दौरान कई लोगों को चोट आई है। इस मामले का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करण नैय्यर ने बताया कि पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआ चापी टोला में हमको सुबह तीन बजे एक सूचना प्राप्त हुई थी। गांव में दो पिकअप से पशु तस्कर आए थे। गांव के लोगों ने उनका पीछा किया, जिसमें एक गाड़ी गांव में फंस गई और तस्कर भाग निकले। दूसरी गाड़ी का गांव के एक युवक ने पीछा किया। उस युवक को गाड़ी के तस्करों ने पिकअप से धक्का दे दिया, जिस कारण उसके सिर पर चोट आ गई और इसी वजह से उसकी मौत हो गई।

इस संबंध में परिवार ने जो तहरीर दी है, उसी आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करके पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के द्वारा कहा जा रहा था कि गोली मारी गई है, लेकिन प्रथम दृष्टया चोटों को देखने पर कोई गोली लगने की बात सामने नहीं आई है। जो भी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। इस मामले में कई टीमें लगाई गई हैं, जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव वालों ने एक पशु तस्कर को पकड़ा था। उसको कुछ चोट आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। मामले में जो भी दोषी होगा, उसे कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि इस घटना में पुलिस टीम लगातार एक्टिव है। इस पर हम दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। परिवार वालों की जो मांग है और जो भी सहायता धनराशि है, उनको मिलेगी। इसके अलावा पीड़ित परिवार की जो भी स्थानीय समस्या है, उसको हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसका दाह संस्कार करवाएं। परिवार के साथ दोबारा बैठेंगे। जहां से जो मदद होगी, उसे पूरा किया जाएगा। सभी का पक्ष सुना जाएगा। अभी हमारी प्राथमिकता में दोषियों को पकड़ना है। घटना में कई लोग शामिल हैं। उधर, मुख्यमंत्री योगी ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से संवाद करने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हेतु निर्देशित किया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article