गाजियाबाद

Meerut: मजदूर के नाम से दिल्ली में चल रही थी फर्जी कंपनी, घर पर आया 67.90 लाख का आयकर नोटिस तब खुली बात

UP Meerut News Today (मेरठ की खबर): उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहने वाले एक मजदूर की परेशानी तब और बढ़ गई जब उसके नाम से 67.90 लाख रुपये का इनकम टैक्स का नोटिस आ गया। दरअसल मजदूर के आधार और पैन कार्ड से धोखे से दिल्ली में कंपनी बनाई गई। जांच में धोखाधड़ी उजागर हुई, SSP के निर्देश पर अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Image

मजदूर के घर आया इनकम टैक्स का नोटिस (AI Generated)

Meerut News: मेरठ के किठौर क्षेत्र के बोंद्रा गांव में रहने वाले एक 35 वर्षीय मजदूर, आसिफ अली के घर आयकर विभाग का नोटिस आ गया। वो भी पूरे 67.90 लाख का। जब उसकी शिकायत पर जांच हुई तो पता चला कि उनके आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल करके दिल्ली के हैदरपुर में 2018 में 'ऋद्धि सिद्धि इंटरप्राइजेज' नामक कंपनी बनाई गई। इस कंपनी के नाम पर करोड़ों का कारोबार दिखाया गया।

आयकर विभाग ने भेजा भारी-भरकम नोटिस

आसिफ अली को आयकर विभाग ने मार्च 2023 में 67.90 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा। इसके बाद 2024 और 2025 में भी फिर नोटिस मिले। खुद को मजदूर बताते हुए जब आसिफ आयकर विभाग पहुंचा, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। इसके बावजूद न जांच हुई और न ही नोटिस वापस लिया गया।

SSP के हस्तक्षेप से दर्ज हुआ मुकदमा

थक-हारकर 26 अप्रैल 2025 को आसिफ ने मेरठ के SSP डॉ. विपिन ताडा को शिकायत दी। SSP के आदेश पर साइबर क्राइम थाना को जांच सौंपी गई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंपनी के नाम पर करोड़ों का लेनदेन हुआ है। आशंका है कि इसका इस्तेमाल काले धन को वैध दिखाने या अन्य अवैध गतिविधियों में किया गया। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि यह कंपनी किन-किन बैंक खातों से जुड़ी है और किन कंपनियों के साथ इसका लेनदेन हुआ है।

साइबर क्राइम टीम कर रही पड़ताल

अब साइबर टीम कंपनी की पृष्ठभूमि, लेनदेन, बैंक खाता विवरण और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो गरीब और अनजान लोगों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article