गाजियाबाद

Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेंगी मीट- मछली की दुकानें, दुकानदारों को लगानी होगी नेमप्लेट

गाजियाबाद में शराब की दुकानें निर्धारित समय पर ही खुलेंगी और समय पर बंद की जाएंगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों की निगरानी की जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अशांति न फैले और श्रद्धालुओं की भावना का सम्मान बना रहे।

Image

कांवड़ यात्रा (फाइल फोटो)

गाजियाबाद : सावन महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद में सभी मीट और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यात्रा मार्ग के आसपास धार्मिक भावनाएं आहत न हों, इसको ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया है। गाजियाबाद में शराब की दुकानें निर्धारित समय पर ही खुलेंगी और समय पर बंद की जाएंगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों की निगरानी की जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अशांति न फैले और श्रद्धालुओं की भावना का सम्मान बना रहे।

उचित दाम पर बेच सकेंगे सामान

कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर नेमप्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है। बुधवार को मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भक्तों को जानकारी होनी चाहिए कि वो किस दुकानदार से सामान खरीद रहे हैं।" इसके अलावा दुकानदारों को उचित मूल्य दरों का भी पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी या ओवरचार्जिंग की शिकायतें सामने न आएं।

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि यात्रा मार्ग की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है, अंधेरे वाले क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है और खंभों पर प्लास्टिक की पन्नी चढ़ाई जा रही है ताकि करंट लगने जैसी घटनाएं न हों। दुधेश्वर नाथ मंदिर के पास बैरिकेडिंग की जाएगी ताकि जल चढ़ाने में भक्तों को कोई परेशानी न हो। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के मुद्दे पर भी जिलाधिकारी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर कई सेक्टर और जोन बनाए गए हैं, जहां एडिशनल फोर्स की तैनाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को टास्क और चेकलिस्ट दे दी गई है। अभी बॉर्डर मीटिंग भी की जाएगी, जहां ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। कांवड़ यात्रा को लेकर लगभग पूरी तैयारी हो चुकी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article