Saharanpur Road Accident: सहारनपुर जिले के नकुड़-सरसावा मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने जानकारी दी कि आयुष (20), उदित (22) और अर्णव (21) तीनों दोस्त बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सरसावा रोड पर सामने से आ रही लकड़ियों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, इसी दौरान आयुष और उदित ट्रॉली के पहियों के नीचे आ गए और बुरी तरह कुचल गए। अर्णव गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत थाना सरसावा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने आयुष और उदित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्णव को गंभीर हालत में अन्य अस्पताल में रेफर किया गया।
एसपी सागर जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। मौके से पुलिस ने दो तमंचे भी बरामद किए हैं, जिसके बाद मामले की जांच आपराधिक एंगल से भी की जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
