Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने पत्नी की हत्या करने के लिए दोस्त से मदद ली और कार से कुचलवा कर उसकी हत्या की। पुलिस ने आरोपी पति और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस वजह से उतारा पत्नी को मौत के घाट
पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित रूप से संतान न होने के कारण अपनी साली (पत्नी की बहन) से शादी की चाहत था। साली से शादी की चाहत में आरोपी ने दोस्त की मदद से अपनी पत्नी की कार से कुचलवा कर हत्या करवा दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगीना) भरत सोनकर ने मंगलवार को बताया कि आठ मार्च को नगीना के बिश्नोई सराय निवासी अंकित ने अपनी पत्नी किरन (30) को बुंदकी के पास सड़क पर खड़ा किया और खुद मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर चला गया। इसी दौरान एक कार ने उसकी पत्नी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के मायके के लोगों ने अंकित पर हत्या का आरोप लगाया था।
सीसीटीवी से हुई आरोपी की पहचान
सोनकर ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में कार मालिक की शिनाख्त हुई तो वह मृतका के पति अंकित का दोस्त सचिन निकला। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो अंकित ने अपराध स्वीकारते हुए बताया कि शादी के पांच साल गुजर जाने के बावजूद उसकी कोई संतान नहीं थी। वह साली से शादी करना चाहता था इसीलिए सचिन को षड्यंत्र में शामिल कर उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है।
(इनपुट - भाषा)
