गाजियाबाद

प्यार की सजा मौत! बागपत में ऑनर किलिंग, मां-बाप ने ही छीनी जिंदगी; कहा - इज्जत खराब कर रही थी बेटी

बागपत में बड़ौत थाना इलाके में मां-बाप ने अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बेटी पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही थी। इसलिए उन्होंने बेटी की हत्या कर दी। आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि बेटी इज्जत खराब कर रही थी, इसलिए उसे मार दिया।

Image

AI Image

Honor killing in Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां युवती के मां-बाप ने उसकी हत्या कर दी। बड़ौत इलाके की युवती ने पड़ोसी युवक से शादी करने की जिद की। जिस पर उसके माता-पिता ने गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद शव को यमुना नदी किनारे ले जाकर जला दिया। पुलिस ने आरोपी मां-बाप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने झूठी शान के नाम पर हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया है।

शव को जलाकर अस्थियां भी बहा दीं

पुलिस ने बताया कि बड़ौत थाना क्षेत्र के लुहारी गांव में शिवानी (22) नामक युवती की उसके माता-पिता ने गला घोंट कर हत्या कर दी। शिवानी और उसके पड़ोसी अंकित के बीच पिछले करीब पांच सालों से प्रेम संबंध थे। परिजनों को जब दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई, तो उन्होंने लड़की को घर में बंद कर दिया था। बावजूद इसके युवती अपने फैसले पर कायम रही और विवाह की जिद करती रही। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात परिजनों ने युवती की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को यमुना नदी किनारे ले जाकर जला दिया। अस्थियों को भी नदी में बहा दिया। बुधवार सुबह जब अंकित ने शिवानी का मोबाइल फोन लगातार बंद पाया तो उसे संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने कहा- इज्जत खराब कर रही थी बेटी

पुलिस ने बताया कि पुलिस की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की, जहां घटना की पुष्टि हुई। बड़ौत कोतवाली के निरीक्षक मनोज कुमार चहल ने बताया कि अंकित ने अपनी प्रेमिका शिवानी की माता बबीता, पिता संजीव, बड़े भाई रवि और फुफेरी बहन के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस बबीता और संजीव को कोतवाली लेकर आई जहां पर दोनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी उनकी इज्जत को खराब कर रही थी, इसीलिए उसे उन्होंने मार डाला। उन्होंने बताया कि बबीता, संजीव और रवि व शिवानी की फुफेरी बहन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए बबीता और संजीव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article