गाजियाबाद

गाजियाबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, हत्या के मामलों में थी तलाश

गाजियाबाद के मुरादनगर में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया की आरोपी ने हत्या की बात को कबूला है। साथ ही उस पर विभिन्न थानों में हत्या के साथ विभिन्न मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।

Image

गाजियाबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Photo : iStock

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर इलाके में बीते दिनों हुई हत्या में शामिल इनामी बदमाश को पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया और इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बदमाश इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस चेकिंग पॉइंट की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया तो वो तेजी से भागने लगा।

पुलिस ने तुरंत उसका पीछा किया। मुरादनगर एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि जब पुलिस टीम पीछा कर रही थी, तब बदमाश की मोटरसाइकिल एक रास्ते में फिसल गई, जिससे वो गिर पड़ा। गिरते ही आरोपी ने पुलिस पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें गोली सीधे बदमाश के पैर में लगी और वो घायल हो गया।

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

सीपी लिपि नगायच के मुताबिक, अपराधी अजय उर्फ मोनी मिलक रावली का रहने वाला है। उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में 18 जून 2025 को मुरादनगर क्षेत्र में हुई हत्या में शामिल होने का गुनाह कबूल किया है। उस पर थाना मुरादनगर में हत्या का एक मुकदमा दर्ज है और अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल होने के कारण बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पकड़े गए बदमाश के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। सीपी लिपि नगायच ने कहा कि उसका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है, आगे की कार्रवाई कर उसे जल्द ही जेल भेजा जाएगा।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article