Ghaziabad: यूपी एसटीएफ को गाजियाबाद के एक मोस्ट वांटेड अपराधी को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। तीन साल पहले पुलिस कस्टडी में होने के बाद कचहरी परिसर से भागे इस अपराधी को एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर आईएसबीटी कश्मीरी गेट से दबोचा है। सामूहिक दुष्कर्म मामले के इस आरोपित पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर रखा था। जिसके बाद से ही पुलिस इस आरोपी को तलाश रही थी, लेकिन यह तीन साल तक पुलिस को चकमा देता रहा। एसटीएफ ने पूछताछ के बाद आरोपी को कविनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
एसटीएफ के एडिशनल एसपी आरके मिश्र ने बताया कि, गिरफ्तार किया गया यह आरोपी अनुज गौतमबुद्धनगर के तिलपता में डिफेंस कॉलोनी का रहने वाला है। इस आरोपी और इसके साथी संदीप, अमन व अरुण के खिलाफ थाना कविनगर में साल 2016 में नशीला पदार्थ देकर एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज है। इसके बाकि साथियों और इस आरोपी को पुलिस ने 22 सितंबर 2017 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के अनुसार इसी केस की सुनवाई के सिलसिले में पुलिस इन आरोपियों को 17 दिसंबर 2019 को सुनवाई के लिए कोर्ट लेकर पहुंची थी। जहां पर आरोपी अनुज पुलिसकर्मी को झांसा देकर कचहरी परिसर से फरार हो गया।
