गाजियाबाद

Ghaziabad: हरिद्वार नरसंहार का आरोपी गाजियाबाद में चला रहा था जेसीबी, एसटीएफ ने डेढ़ साल बाद दबोचा

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 16, 2022, 07:47 PM IST

Ghaziabad: हरिद्वार जिले में करीब डेढ़ साल पहले जमीनी विवाद में हुए नरसंहार के मुख्‍य आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। इस आरोपी ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर एक समूह पर गोली चलाई थी। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हुए थे। देहरादून एसटीएफ इस आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

Image

चार लोगों की हत्‍या का आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपी ने जमीन विवाद में 6 मई 2021 को किया था नरसंहार
  • महिला का शव दफनाकर वापस लौट रहे लोगों पर बरसाई थी गोलियां
  • आरोपी नाम बदलकर डासना कस्‍बे में छुपा था, देहरादून एसटीएफ ले गई साथ

Ghaziabad: हरिद्वार जिले में करीब डेढ़ साल पहले हुए नरसंहार के मुख्‍य आरोपी को देहरादून एसटीएफ ने गाजियाबाद से दबोचा है। चार लोगों की गोली मार कर हत्या करने का मुख्‍य आरोपी तालिब घटना के बाद से ही फरार था। यह आरोपी गाजियाबाद के डासना इलाके में अपना नाम बदलकर जेसीबी चलाने का कार्य कर रहा था। यहां पर लोग इसे तारिक के नाम से जानते थे। एसटीएफ की टीम ने गुप्‍त सूचना के आधार पर डासना कस्‍बे के एक घर से आरोपी को दबोचा। जिसके बाद एसटीएफ की टीम आरोपी को अपने साथ हरिद्वार ले गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी 28 वर्षीय तालिब हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले खेड़ी खुर्द गांव का रहने वाला है। इसी गांव में जमीन विवाद को लेकर 6 मई 2021 को सहजन आलम, जहीर हसन, मोहम्मद कैफ और हुसैन अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय मृतक एक महिला का शव दफनाकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्‍ते में कुछ हथियारबंद हमलावरों ने लोगों पर फायरिंग कर दी। इस नरसंहार में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गोली लगने से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

आरोपी पर घोषित था 10 हजार का इनाम

उत्‍तराखंड पुलिस के अनुसार, इस नरसंहार को आरोपी तालिब ने अपने 6 साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। घटना के बाद बाकी आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं, लेकिन तालिब फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद से ही पुलिस इस आरोपी के तलाश में जुटी थी। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। देहरादून एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि, टीम को सूचना मिली कि हरिद्वार चौहरे हत्याकांड का आरोपी तालिब गाजियाबाद के डासना कस्‍बे में छुपा है और इसने अपना नाम तारिक रख लिया है। जिसके बाद एक टीम गाजियाबाद पहुंची और यहां की लोकल पुलिस की मदद से आरोपी को दबोच लिया। गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि, देहरादून पुलिस द्वारा यहां पर एक भगौड़े के छुपे होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद मदद के लिए एक टीम को भेजा गया था। देहरादून एसटीएफ उस आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ देहरादून ले गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article