गाजियाबाद

Ghaziabad News: चाय पर विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की गर्दन काट पति ने उतारा मौत के घाट

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 19, 2023, 12:54 PM IST

गाजियाबाद में चाय बनाने के विवाद को लेकर पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पत्नी चाय बना रही थी, तभी पति ने पीछे से उसकी गर्दन पर तलवार से हमला किया और वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Image

पति ने की पत्नी की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)

Ghaziabad News: गाजियाबाद के भोजपुर थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक पति-पत्नी के बीच चाय बनाने को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते पति ने घर में रखी धारदार तलवार से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद वह फरार हो गया।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति की तलाश कर रही है।

चाय बनाने को लेकर हुआ विवाद

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव फ़जलगढ़ में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे धर्मवीर नाम के एक व्यक्ति का अपनी पत्नी सुंदरी (50) से सुबह-सुबह चाय बनाने को लेकर विवाद हो गया। पति इतने ज्यादा गुस्से में आ गया कि उसने घर के अंदर रखी धारदार तलवार ली और पत्नी, जो चूल्हे पर चाय बना रही थी, उसकी गर्दन पर पीछे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय सो रहे थे बच्चे

सुंदरी और धर्मवीर के पांच बच्चे हैं। जिस समय यह घटना हुई, बच्चे सो रहे थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी धर्मवीर फिलहाल फरार है, उसकी तलाश की जा रही है और जल्द हिरासत में लेकर कार्रवाई की जाएगी।

End of Article