गाजियाबाद: टोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर A3 की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग की लपटों से आसपास अफरा-तफरी का माहौल है। देखते ही देखते आग ने दो अन्य फैक्ट्रीयों को भी अपनी ज़द में लिया। 12 से 15 फायर टेंडर आग को काबू पाने की कोशिश में लगे हैं। बाकी की दो फैक्ट्री में आग पर काबू पाया गया है, लेकिन पैकेजिंग फैक्ट्री की आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आग कंट्रोल में है, लेकिन बुझने में अभी 3 घंटे लगेंगे। फैक्ट्री के तीसरे फ्लोर पर फंसे सभी लोग सुरक्षित हैं कोई जनहानि नहीं हुई।
फैक्ट्री में पैकेजिंग का काम होता है
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद थाना टोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में पैकेजिंग फैक्ट्री में ये आग लगी है। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते आग तीन मंजिला फैक्ट्री के ऊपर के फ्लोर तक फैल गई। फैक्ट्री में पैकेजिंग संबंधित काम होता है। ऐसे में पैकेजिंग में काम आने वाले सामान और केमिकल के ड्रम ने तेजी के साथ आग पकड़ी। दूर-दूर तक आग की लपटें देखी जा रही है। आग की लपटे और धुंआ पूरे इलाके में फैला हुआ है। दमकल विभाग की टीम को सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
इंडस्ट्रियल एरिया में आग आगे न फैले। इसके लिए दमकल विभाग की टीम ने आसपास के जिलों से भी दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया है। फिलहाल, किसी प्रकार की जनहानि की शिकायत नहीं मिली है।
