गाजियाबाद

मुरादाबाद में 70 वर्षीय जूडो कोच पर महिला खिलाड़ी ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, पुलिस कर रही जांच

एक महिला जूडो खिलाड़ी ने मुरादाबाद के जूडो कोच पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने देहरादून में एफआईआर दर्ज कराई, जिसे बाद में मुरादाबाद भेज दिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

जूडो कोच पर छेड़छाड़ और रेप का आरोप

Photo : Times Now Digital

Moradabad News: उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली एक राष्ट्रीय महिला जूडो खिलाड़ी ने मुरादाबाद में जूडो कोच के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने देहरादून के राजपुर थाने में घटना की एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन मामला मुरादाबाद का था, इसलिए एफआईआर को भोजपुर थाने को भेज दिया गया। पीड़िता ने बताया कि वह देहरादून में अपनी महिला कोच से जूडो सीख रही थी। 2024 में उसका चयन एनआईओएस (NIOS) भोपाल के लिए हुआ, लेकिन कोच ने सलाह दी कि वहां अच्छी ट्रेनिंग नहीं होती। महिला कोच ने उसे मुरादाबाद के कोच सतीश शर्मा से ट्रेनिंग लेने की सलाह दी।

महिला कोच ने बताया कि वह उनके भी कोच रह चुके हैं और उनके मार्गदर्शन में बेहतर सीखने को मिलेगा। महिला कोच की बातों पर विश्वास कर वह नेशनल कैंप में जाने के बजाय मुरादाबाद आ गई। शुरुआत में सतीश शर्मा ने उसे अच्छी प्रैक्टिस कराई, लेकिन बाद में उनका व्यवहार बदलने लगा। पीड़िता का आरोप है कि 12 मार्च की सुबह कोच ने उसे इस्लाम नगर स्थित अपने फार्म हाउस पर ले जाकर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर भी नहीं रुके, बल्कि उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में आ गई और देहरादून लौटकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब मुरादाबाद पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

मामले की जांच की जारी

जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय सतीश शर्मा, जो पहले इंडिया जूडो टीम के कोच रह चुके हैं, अब मुरादाबाद में अपनी निजी जूडो अकादमी चला रहे हैं। वह सिविल लाइंस क्षेत्र में रहते हैं और मुरादाबाद स्टेडियम में भी बतौर जूडो कोच कार्यरत हैं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता ने पहले देहरादून में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसे बाद में भोजपुर थाने में भेज दिया गया। अब मुरादाबाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article