Ghaziabad Accident News: गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कांवड़ियों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन कांवड़ियों की जान चली गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हरिद्वार जाते समय हुआ हादसा
यह हादसा भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे। तीनों लोग कांवड़ यात्रा के लिए बाइक से हरिद्वार जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Ranchi News: देवेंद्र महतो ने सोनम वांगचुक से Video कॉल पर बात की, पानी पिएंगे; अनशन रहेगा जारी
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही गांव के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Prayagraj News: राहुल गांधी का 'गूंज' कार्यक्रम 8 अगस्त को, करोडों का वाटरप्रूफ पंडाल और लाखों की आतिशबाजी की तैयारी
अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी
पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
