शहर

रोहतक मिलन ढाबा गैंगवार में बड़ा खुलासा! सन्नी रिटोलिया की गर्लफ्रेंड ही निकली भाऊ गैंग की मुखबिर

हरियाणा के रोहतक स्थित मिलन ढाबा चौहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, सन्नी रिटोलिया की गर्लफ्रेंड ही विरोधी भाऊ रिटोलिया गैंग की मुखबिर निकली, जिसने लोकेशन देकर 4 युवकों की हत्या करवाई और वारदात के तुरंत बाद बैंकॉक भाग गई।

Image

वारदात के बाद विदेश फरार है जाह्नवी

Photo : Times Now Digital

हरियाणा के रोहतक जिले में खरखौदा-रोहतक मार्ग स्थित मिलन ढाबे पर हुए सनसनीखेज चार लोगों की हत्या में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि जिस लड़की को गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया अपना सबसे बड़ा हमदर्द और करीबी समझ रहा था, वही उसकी मौत का जाल बुनने वाली सबसे बड़ी मुखबिर निकली। पूरा घटनाक्रम प्यार, धोखे, मुखबरी और वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर देश छोड़कर विदेश भागने की एक सोची-समझी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।

3 महीने पहले करीब आई, हर मूवमेंट पर रख रही थी नजर

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले विरोधी भाऊ रिटोलिया गिरोह ने सोची-समझी रणनीति के तहत एक लड़की, जिसका नाम जाह्नवी है, उसको सन्नी रिटोलिया के करीब पहुंचाया था। धीरे-धीरे प्यार और भरोसे का जाल बुनकर सन्नी की पल-पल की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी। घटना वाली रात भी सन्नी रिटोलिया की लोकेशन विरोधी गैंग तक इसी लड़की द्वारा पहुंचाने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही मिलन ढाबे पर सन्नी के मौजूद होने की सटीक लोकेशन मिली, स्विफ्ट कार में सवार होकर आए पांच हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सन्नी रिटोलिया पिछले रास्ते से भागने में सफल रहा।

रात 12:30 बजे हत्याकांड, सुबह बैंकॉक की फ्लाइट

इस पूरी वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी लड़की के भारत से निकलने की टाइमिंग है। रात 12:30 बजे मिलन ढाबे पर अंधाधुंध गोलीबारी कर चार युवकों की हत्या की गई। तड़के मुखबरी के बदले लड़की को सुरक्षित विदेश पहुंचाने के सौदे के तहत वह सुबह की फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के बैंकॉक पहुंच गई। दोपहर में घटना की गंभीरता को देखते हुए जब तक पुलिस ने जाह्नवी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाया, तब तक वह देश की सीमाएं पार कर चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि वह बैंकॉक से भी आगे किसी तीसरे देश की ओर निकल चुकी है। मामले में सामने आ रही जानकारियों के अनुसार, लड़की के पारिवारिक पृष्ठभूमि का भी अपराध से गहरा संबंध रहा है।

4 हमलावरों के चेहरे बेनकाब, पुलिस जांच जारी

रोहतक पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मामले में पांच हमलावरों में से चार की पहचान का दावा किया है। हालांकि, सभी नामजद और मुख्य आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि सन्नी के करीब पहुंचने से लेकर, ढाबे की सटीक लोकेशन देने और वारदात के तुरंत बाद बिना किसी रुकावट के विदेश निकल जाने तक की क्या यह पूरी स्क्रिप्ट पहले ही तैयार कर ली गई थी?

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article