शहर

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पटियाला में आज दोबारा मतदान, क्या AAP बचा पाएगी मेयर की कुर्सी

पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में आज सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दोबारा मतदान हो रहा है। 165 उम्मीदवार मैदान में हैं। AAP को मेयर बनाने के लिए सिर्फ 6 सीटों की जरूरत है।

Image

पटियाला में आज दोबारा मतदान हो रहे हैं। (सांकेतिक तस्वीर, साभार- ANI)

पंजाब के पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में आज यानी 28 नवंबर को दोबारा मतदान हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कराए जा रहे इस पुनर्मतदान में कुल 165 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। चुनाव के नतीजे 2 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पटियाला नगर निगम के कुल 60 वार्डों में से 30 वार्डों में दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। इन वार्डों में करीब 1.49 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 123 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन सभी बूथों पर EVM मशीनों की रैंडमाइजेशन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। चुनाव मैदान में 165 उम्मीदवार हैं, जिनमें 45 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।

6 साल बाद साथ आए BJP-अकाली दल, लेकिन चुनाव में आमने-सामने

इस चुनाव की एक दिलचस्प बात यह भी है कि भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल करीब 6 साल बाद फिर से गठबंधन कर चुके हैं। दोनों दलों ने 24 नवंबर को औपचारिक रूप से साथ आने का ऐलान किया था। हालांकि, पटियाला नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया इससे पहले ही पूरी हो चुकी थी। इसी वजह से दोनों पार्टियों के उम्मीदवार इन 30 वार्डों में अपने-अपने चुनाव चिह्न पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। यानी गठबंधन का ऐलान होने के बावजूद इस बार दोनों दलों के प्रत्याशी चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं।

क्यों हो रहा है दोबारा मतदान?

दरअसल, दिसंबर 2024 में हुए नगर निकाय चुनावों के दौरान कई वार्डों में गड़बड़ी और चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इस मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर 2026 को 28 वार्डों में दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिया था। इसके बाद 16 अक्टूबर को दो अन्य वार्डों, वार्ड नंबर 15 और 58 के नतीजे भी रद्द कर दिए गए। इस तरह कुल 30 वार्डों में फिर से मतदान कराया जा रहा है। पटियाला के अलावा बाघापुराना नगर परिषद के 15 और धर्मकोट नगर परिषद के 7 वार्डों में भी आज पुनर्मतदान हो रहा है। यानी पूरे पंजाब में कुल 52 वार्डों में दोबारा वोट डाले जा रहे हैं।

AAP के पास मेयर बनाने का मजबूत मौका

इन चुनावों का सबसे बड़ा असर पटियाला नगर निगम के मेयर पद पर पड़ सकता है। निगम में कुल 60 निर्वाचित पार्षद और 3 पदेन विधायक सदस्य हैं। इस तरह सदन में कुल 63 सदस्य हैं और मेयर बनाने के लिए 32 वोटों की जरूरत है। पहले घोषित नतीजों में आम आदमी पार्टी के पास 23 पार्षद हैं। इसके अलावा तीनों पदेन विधायक भी AAP से हैं। इस तरह पार्टी के पास कुल 26 वोट हैं। बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उसे इन 30 वार्डों में से केवल 6 सीटें जीतनी होंगी। दूसरी तरफ कांग्रेस के 3, BJP के 2 और अकाली दल के 2 पार्षद हैं। विपक्ष को सत्ता में आने के लिए कम से कम 25 सीटें जीतने के साथ आपसी समर्थन भी जुटाना होगा। ऐसे में आज का मतदान पटियाला नगर निगम की सत्ता और मेयर पद का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article