देश

'जो अपनी बहन को हक नहीं दे पाए...', बिहार में तेजस्वी यादव को लेकर क्या बोले अनुराग ठाकुर? राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

बिहार दौरे पर पहुंचे बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने ईवीएम और चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए। वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर तेजस्वी यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो अपनी बहन को हक नहीं दे पाए, वह देश की बहनों को क्या हक देंगे।

Image

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर साधा निशाना। PTI

Bihar Politics: बिहार दौरे पर पहुंचे बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ईवीएम, चुनाव आयोग, भारतीय अर्थव्यवस्था और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। इस दौरान तेजस्वी यादव को लेकर दिया गया उनका एक बयान भी चर्चा में रहा।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर चुनावी नतीजों के हिसाब से ईवीएम और चुनाव आयोग को लेकर अपना रुख बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम और चुनाव आयोग पर भरोसा जताती है, लेकिन हारने पर इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाने लगती है।

बीजेपी नेता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के शासनकाल में लगे चुनावी अनियमितताओं के आरोपों और आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी के 'डेड इकॉनमी' वाले बयान पर पलटवार

भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी अनुराग ठाकुर ने जवाब दिया। उन्होंने भारत को दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ने वाला देश बताया। ठाकुर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर उम्मीदें हैं और देश लगातार प्रगति कर रहा है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि देश की आबादी बढ़ चुकी है और महिलाओं को संसद में 33 फीसदी आरक्षण के साथ अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि गांधी परिवार की महिलाओं को राजनीति में अवसर मिलते रहे हैं, लेकिन आम महिलाओं को उनका अधिकार देने के सवाल पर विपक्ष पीछे हटता है। ठाकुर ने आरक्षण के भीतर आरक्षण की मांग को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि कुछ दल महिला आरक्षण के मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव को लेकर क्या बोले अनुराग ठाकुर?

अनुराग ठाकुर ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “तेजस्वी अपनी बहन को उसका हक नहीं दे पाए, देश की बहनों को क्या देंगे?” इस बयान के जरिए उन्होंने तेजस्वी यादव पर महिला अधिकारों के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए। बिहार में महिला आरक्षण को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच अनुराग ठाकुर की यह टिप्पणी विपक्ष पर बीजेपी के हमलों का हिस्सा रही।

पटना में बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहा है और देश की प्रगति में बाधा डालने की कोशिश कर रहा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article