देश

बांग्लादेश को बड़ा झटका! बड़े ब्रांडों ने बदला अपना ठिकाना, भारत को मिला 2,360 करोड़ रुपए का गारमेंट कारोबार

बांग्लादेश से 2,360 करोड़ रुपये के गारमेंट ऑर्डर दूसरे देशों में डायवर्ट होने का CTI ने दावा किया है। ZARA और H&M जैसे ब्रांडों के ऑर्डर से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को फायदा मिल सकता है।

Image

भारत के हिस्से में आया बांग्लादेश वाला ऑर्डर, मिला 2360 करोड़ का गारमेंट ऑर्डर (AI Generated Image)

भारत की टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बांग्लादेश (Bangladesh) में मजदूरों की हड़ताल और फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित होने के बीच कई अंतरराष्ट्रीय कपड़ा ब्रांडों ने अपना सोर्सिंग ठिकाना बदलना शुरू कर दिया है। इसका फायदा भारत को मिलने का दावा किया जा रहा है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, महज 18 दिनों में बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,360 करोड़ रुपये के गारमेंट ऑर्डर दूसरे देशों में डायवर्ट हुए हैं। CTI का कहना है कि इन ऑर्डरों का बड़ा हिस्सा भारत को मिला है। अगर यह सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो भारतीय कपड़ा कारोबारियों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं।

ZARA और H&M जैसे ब्रांडों के ऑर्डर भारत आने का दावा

CTI के मुताबिक, ZARA, H&M, Marks & Spencer (M&S) और Celio जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों ने बांग्लादेश से ऑर्डर हटाकर दूसरे देशों में सोर्सिंग शुरू की है। इन देशों में भारत के अलावा वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया भी शामिल हैं। CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, बांग्लादेश में मजदूरों की अशांति, हड़ताल और फैक्ट्रियों के बंद होने से कपड़ों की सप्लाई प्रभावित हुई है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को समय पर माल नहीं मिल पा रहा है। इसी वजह से वे दूसरे देशों का रुख कर रहे हैं।

तिरुपुर, सूरत और नोएडा के कारोबारियों को फायदा

इस बदलाव का फायदा भारत के कई बड़े कपड़ा कारोबार केंद्रों को मिल सकता है। इनमें तमिलनाडु का तिरुपुर, गुजरात का सूरत, पंजाब का लुधियाना और दिल्ली-NCR शामिल हैं। इसके अलावा नोएडा, गुरुग्राम और बेंगलुरु के गारमेंट एक्सपोर्टरों को भी नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। CTI का दावा है कि बांग्लादेश में उत्पादन संबंधी परेशानियों के कारण 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है। वहीं, वहां न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया गया है।

भारत में जल्दी तैयार होकर पहुंच सकता है माल

CTI के मुताबिक, बांग्लादेश से कपड़ों की डिलीवरी में करीब 120 दिन लगते हैं, जबकि भारत में यह काम 60 से 90 दिनों में हो सकता है। फैशन इंडस्ट्री में समय पर माल पहुंचाना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में भारत की यह क्षमता अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों को आकर्षित कर सकती है।

रोजगार के भी बढ़ सकते हैं मौके

CTI का कहना है कि भारत की टेक्सटाइल और अपैरल इंडस्ट्री में 4 करोड़ से ज्यादा लोग सीधे काम करते हैं। नए ऑर्डर मिलने से छोटी-बड़ी फैक्ट्रियों में रोजगार बढ़ सकता है। खासकर महिलाओं, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।

सरकार से की गईं कई मांगें

इस मौके का फायदा उठाने के लिए CTI ने सरकार से टेक्सटाइल एक्सपोर्टरों को राहत पैकेज देने, सस्ती बिजली, सात दिनों में GST रिफंड और ब्याज में छूट जैसी मांगें की हैं। संगठन ने एक लाख नए कारीगरों को ट्रेनिंग देने की भी मांग रखी है। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि अगर सरकार और कारोबारी मिलकर काम करें तो 2,360 करोड़ रुपये के इन ऑर्डरों को आगे बढ़ाकर 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जा सकता है। हालांकि, अभी यह देखना होगा कि बांग्लादेश से ऑर्डर शिफ्ट होने का यह बदलाव भारत के लिए लंबे समय तक कितना फायदेमंद साबित होता है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article