शहर

Himachal News: बारिश और बर्फबारी, 4 नेशनल हाईवे और 279 सड़कें बंद; तापमान -8 डिग्री

मैदानी इलाकों में भले ही गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। लेकिन हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों मेंं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते 20 मार्च से एक बार फिर बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। यहां के कुछ इलाकों में अब भी तापमान -8 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

Image

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी

Photo : Twitter

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। सूरज की तपिश बढ़ने के चलते लोगों ने अपने गर्म कपड़ों को 8-9 महीने की छुट्टी पर भेज दिया है। लेकिन उत्तर भारत के पहाड़ी इलाके के लोगों को अब भी ठंड का एहसास हो रहा है। यहां हिमाचल प्रदेश हो या जम्मू-कश्मीर, लद्दाख या उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके, सभी जगह अभी ठंड परेशान कर रही है। हिमाचल प्रदेश में तो बारिश और बर्फबारी के चलते कई सड़कों को बंद करना पड़ा है।

भारी बारिश और बर्फबारी के चलते हिमाचल में लोगों को बड़ी मुश्किलें हो रही हैं। यहां बर्फबारी और बारिश के चलते शुक्रवार, शनिवार को कर्फ्यू जैसा माहौल रहा। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नाममात्र की रही। राज्य में कुल 4 नेशनल हाईवे और 279 अन्य सड़कों को बारिश व बर्फबारी के चलते बंद करना पड़ा।

20 तारीख से मौसम और खराब होगा

शनिवार को मौसम विभाग ने बताया कि मनाली में पिछले 24 घंटे में हल्की बर्फबारी हुई थी। मौसम विभाग ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) आ रहा है। मेट डिपार्टमेंट का कहना है कि 20 मार्च की रात से यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो जाएगा और विशेषतौर पर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा।

96 फीसद सड़कें बंद

स्टेट इमरजेंसी सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को राज्य के उच्च पहाड़ी इलाकों में 96 फीसद सड़कें बंद हैं। बताया गया कि लाहूल और स्पीति में 249 सड़कें, चंबा में 11 और किन्नौर में 9 सड़कें बंद थीं। इनके अलावा कुल्लू और मंडी क्षेत्र में भी 4-4 सड़कें बंद थीं। कांगड़ा और शिमला क्षेत्र में 1-1 सड़कें अवरूद्ध थीं।

कई इलाकों में बिजली भी गुल

बारिश और बर्फबारी के चलते हिमाचल के कई इलाकों में बिजली भी गुल है। प्रशासन के अनुसार कुल 246 ट्रांसफार्मर खराब थे। यही नहीं तीन पेय जल योजनाएं भी बाधित थीं। राज्य के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में अब भी बढ़ोतरी देखने को नहीं मिल रही है। केलॉन्ग में न्यूनतम तापमान अब भी -7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। उधर कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article