शहर

कश्मीर में भारी बर्फबारी, श्रीनगर से कई उड़ानें रद्द; श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों भारी बर्फबारी हो रही है। ताजा बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद हो गया है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाली और यहां से उड़ान भरने वाली कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इंडिगो और एयर इंडिया ने आज के लिए सभी उड़ानों को कैंसिल कर दिया है।

कश्मीर में बर्फबारी के कारण मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जाने वाली और यहां आने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ताजा भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भी बंद हो गया है। हाईवे पर काजिगुंड से बनिहाल के बीच भारी बर्फ जमी है, जिसके कारण हाईवे पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद है। मशीनों से बर्फ हटाने का काम जारी है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में होने वाली बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। यही नहीं, आज यानी मंगलवार 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके चलते और बर्फबारी की आशंका है। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार आगामी 29 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। फिलहाल बारिश और बर्फबारी से घाटी के लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Kashmir snowfall

भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर से कई उड़ानें रद्द

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा, ‘श्रीनगर हवाई अड्डे पर प्रतिकूल मौसम की स्थिति और लगातार बर्फबारी को देखते हुए एयरलाइंस ने आज कुछ उड़ानें रद्द कर दी हैं।’ अब तक कुल 25 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिनमें यहां आने वाली और यहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानें शामिल हैं। एयरपोर्ट पर जमी बर्फ को हटाने की कवायद जारी है।

भारी बर्फबारी को देखते हुए आज यानी मंगलवार 27 जनवरी के लिए इंडिगो और एयर इंडिया की श्रीनगर आने वाली और यहां उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को नवीनतम जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। उड़ानों के रद्द होने से सैकड़ों पर्यटक कश्मीर में फंस गए हैं, जो वीकेंड और गणतंत्र दिवस की छुट्टियां घाटी में बिताने के बाद लौटने वाले थे।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्टauthor

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।

और पढ़ें
End of Article