शहर

दिल्ली में आज का मौसम (27 Jan 2026): दिल्ली के मौसम ने फिर मारी पलटी, गरज-चमक के साथ जोरदार ओले और बारिश, जानें कहां कितने बरसे बादल

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 27 Jan 2026: दिल्ली में गणतंत्र दिवस के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में गरज-चमक के साथ जोरदार ओले और बारिश, शीतलहर और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। आइए जानते हैं दिल्ली के मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में बारिश को लेकर आया अलर्ट (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

दिल्ली में आज का मौसम (27 Jan 2026): दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। गणतंत्र दिवस की धूप से मिली चंद घंटों की राहत के बाद अब दिल्लीवासियों को बादलों की गड़गड़ाहट और बारिश जोरदार ओले , शीतलहर और बिजली गिरनेका सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसका सीधा मतलब है कि आज फिर छतरी और रेनकोट साथ निकले। सुबह से ही आसमान पर बादलों का साया रहा और जिस समय तक धूप खिल आती थी आज बारिश शुरू हो गई, नरेला इलाके में तो ओले भी गिरे।

दिल्ली में बारिश और ओलों का अलर्ट

उत्तर भारत में सक्रिय हुए एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण दिल्ली के आसमान पर बादलों ने डेरा डाला हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर पूर्वानुमान जताया था कि, मंगलवार सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो सकती है, जो दोपहर और रात तक जारी रहने की उम्मीद है। बारिश के साथ-साथ आसमान में बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई थीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दोपहर से शाम के बीच ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए भी चेतावनी जारी की है। बारिश की संभावना को देखते हुए, IMD ने आज सुबह 11:10 बजे उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, बाहरी उत्तरी दिल्ली और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' भी जारी किया।

दिल्ली कहां कितनी हुई बारिश

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह के समय शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच पालम में 3.4 मिमी, रिज क्षेत्र में 3.0 मिमी और पीतमपुरा में 2.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बीते सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सुहावना बना हुआ था, वहीं आज इसमें भारी गिरावट आने के आसार हैं। बादलों और बारिश की वजह से दिन का पारा लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे दिन के समय भी लोगों को अच्छी-खासी ठंड महसूस होगी। हालांकि, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जो रात की कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत दे सकता है।

दिल्ली प्रदूषण से राहत की उम्मीद

दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली होने लगी है। सोमवार को शहर का औसत AQI 241 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। जहांगीरपुरी जैसे इलाकों में तो यह 300 के पार पहुँच गया। लेकिन राहत की बात यह है कि आज होने वाली बारिश इन प्रदूषकों को धो देगी, जिससे मंगलवार और बुधवार को वायु गुणवत्ता में सुधार होने और इसके 'मध्यम' श्रेणी में आने की पूरी संभावना है।

सुझाव और सावधानी

यह इस सीजन का दूसरा सबसे शक्तिशाली विक्षोभ है। इससे पहले 23 जनवरी को हुई भारी बारिश ने दिल्ली को भिगोया था। आज तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगर आप बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो जलभराव और ट्रैफिक जाम का ध्यान जरूर रखें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article